रुद्रपुर। सेवा सेतु अभियान के अंतर्गत सोमवार को आयुष्मान आरोग्य मंदिर भुडाई में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। शिविर में कुल 118 लाभार्थियों की जांच एवं स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया गया, जिनमें 53 पुरुष और 65 महिलाएं शामिल रहीं।

शिविर के दौरान गैर-संचारी रोग (एनसीडी) स्क्रीनिंग के तहत 101 लोगों की मधुमेह तथा 101 लोगों की उच्च रक्तचाप की जांच की गई। इसके अलावा 19 महिलाओं की ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग और 30 लाभार्थियों की ओरल कैंसर स्क्रीनिंग की गई। वहीं, छह गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच कर आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श दिया गया।

राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत 10 किशोरियों को मासिक धर्म स्वच्छता (Menstrual Hygiene) के संबंध में जागरूक करते हुए आवश्यक परामर्श दिया गया। इसके साथ ही पोषण एवं देखभाल को लेकर एक काउंसलिंग सत्र आयोजित किया गया। टीबी कार्यक्रम के तहत आठ लोगों की टीबी स्क्रीनिंग भी की गई।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ऊधम सिंह नगर डॉ. एसके गोस्वामी ने बताया कि सेवा सेतु अभियान के तहत जनपद के सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में लगातार स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों का उद्देश्य आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं, जांच और परामर्श उपलब्ध कराना है, ताकि लोगों को समय पर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने आमजन से इन शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

By Mohd Nafees

संपादक – सच्चाई की जीत पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713 संपर्क – 9837427792 व्हाट्सप्प – 9837427792 ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *