शहीद आंदोलनकारियों को दीप जलाकर दी श्रद्धांजलि, एक समान चिन्हीकरण की उठी मांग काशीपुर। उत्तराखंड राज्य आंदोलन के दौरान रामपुर तिराहा कांड में शहीद हुए आंदोलनकारियों की स्मृति में शुक्रवार, 2 अक्टूबर को महाराणा प्रताप चौक पर राज्य आंदोलनकारियों ने काला दिवस मनाया। इस दौरान आंदोलनकारियों ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दीप जलाए और उनके बलिदान को याद किया।
आंदोलनकारियों ने कहा कि 2 अक्टूबर 1994 को पृथक उत्तराखंड राज्य की मांग को लेकर दिल्ली जा रहे आंदोलनकारियों को रामपुर तिराहा के पास रोककर उन पर पुलिस कार्रवाई की गई थी, जिसमें कई आंदोलनकारी शहीद हुए और बड़ी संख्या में लोग घायल हुए थे। आंदोलनकारियों ने कहा कि राज्य निर्माण के संघर्ष में शहीद हुए लोगों का बलिदान सदैव याद रखा जाएगा।
इस अवसर पर राज्य आंदोलनकारियों ने काशीपुर के आंदोलनकारियों के चिन्हीकरण की प्रक्रिया को खटीमा और हरिद्वार की तर्ज पर लागू करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि पूरे उत्तराखंड में राज्य आंदोलनकारियों के चिन्हीकरण के लिए एक समान नियम और प्रक्रिया होनी चाहिए, ताकि पात्र आंदोलनकारियों को उनके अधिकार मिल सकें।
आंदोलनकारियों ने प्रदेश के जनप्रतिनिधियों से उनकी मांगों पर गंभीरता से ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों की समस्याओं का समाधान सरकार और जनप्रतिनिधियों की प्राथमिकता में होना चाहिए। साथ ही आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए आंदोलनकारियों ने कहा कि उनकी लंबे समय से लंबित मांगों को राजनीतिक दलों और जनप्रतिनिधियों को गंभीरता से लेना होगा।
कार्यक्रम के दौरान आंदोलनकारियों ने रामपुर तिराहा कांड में शहीद हुए सभी आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके सपनों के उत्तराखंड के निर्माण का संकल्प दोहराया।

By Mohd Nafees

संपादक – सच्चाई की जीत पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713 संपर्क – 9837427792 व्हाट्सप्प – 9837427792 ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *