Oplus_131072


मुख्यमंत्री धामी बोले- निराश्रित गोवंश को सुरक्षित व सम्मानजनक आश्रय उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता
खटीमा, 24 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को हल्दीघेरा, खटीमा में 722.76 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित गौशाला का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने 10,884.28 लाख रुपये की लागत वाली 15 विकास योजनाओं का शिलान्यास भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि गौ माता का संरक्षण भारतीय परंपरा का हिस्सा होने के साथ-साथ हमारा कर्तव्य, धर्म और जिम्मेदारी भी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हल्दीघेरा में नवनिर्मित गौशाला का लोकार्पण केवल एक निर्माण कार्य का उद्घाटन नहीं, बल्कि निराश्रित गोवंश को सुरक्षित और सम्मानजनक आश्रय उपलब्ध कराने के संकल्प की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने गौशाला निर्माण में सहयोग करने वाले स्थानीय लोगों, अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए बधाई दी। उन्होंने कहा कि सड़कों पर निराश्रित गोवंश के विचरण से जहां पशुओं की सुरक्षा प्रभावित होती है, वहीं किसानों को भी अपनी फसलों की रक्षा के लिए अतिरिक्त प्रयास करने पड़ते हैं। इसके अलावा सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है। नवनिर्मित गौशाला से निराश्रित गोवंश के साथ किसानों और स्थानीय नागरिकों को भी राहत मिलेगी। प्रदेश में 16 हजार से अधिक निराश्रित गोवंश को मिल रहा आश्रय मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा प्रदेश में 72 पंजीकृत और 9 अनुबंधित गौ सदनों के माध्यम से 16 हजार से अधिक निराश्रित गोवंश को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अतिरिक्त ग्राम्य गौ सेवक योजना को पूरे प्रदेश में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया गया है। उन्होंने बताया कि शहरी विकास विभाग और पंचायती राज विभाग के सहयोग से प्रदेश में 63 स्थानों पर गौशाला निर्माण के लिए भूमि चिन्हित की गई है। इन स्थानों पर जल्द गौशालाओं का निर्माण कराया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि गौ सुरक्षा केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है। इसके लिए समाज के सभी वर्गों को सामूहिक रूप से आगे आना होगा। सरकार और समाज के संयुक्त प्रयासों से ही निराश्रित गोवंश के संरक्षण को प्रभावी बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि हल्दीघेरा स्थित गौशाला का भविष्य में आवश्यकता के अनुसार विस्तार किया जाएगा, ताकि अधिक संख्या में निराश्रित गोवंश को सुरक्षित और सम्मानजनक आश्रय मिल सके। गौवंश संरक्षण के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौ माता को विशेष स्थान प्राप्त है। उत्तराखंड सदैव गौ संरक्षण की परंपरा वाली भूमि रही है। उन्होंने कहा कि गौवंश केवल आस्था का विषय नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था का भी महत्वपूर्ण आधार है।उन्होंने बताया कि प्रदेश में बद्री गाय के शुद्ध घी और दुग्ध उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए विशेष ग्रोथ सेंटर स्थापित किए गए हैं। चमोली जनपद में तीन ग्रोथ सेंटर संचालित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सनातन संस्कृति के संरक्षण और गौ माता के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया। 108.84 करोड़ की 15 विकास योजनाओं का शिलान्यास
मुख्यमंत्री ने खटीमा और आसपास के क्षेत्रों के विकास से जुड़ी 15 योजनाओं का शिलान्यास किया। इनमें सड़क, पुल, गौशाला, आवासीय भवन, बाढ़ सुरक्षा तथा सड़क चौड़ीकरण से संबंधित कार्य शामिल हैं। प्रमुख योजनाओं में राज्य मार्ग-70 सत्रहमील से नानकसागर प्रभाग तक 13.600 किलोमीटर सड़क के उच्चीकरण के लिए 34.44 करोड़ रुपये, पुरनपुर मेन रोड से रपटा होते हुए जोगीढेर तक 4 किलोमीटर हॉटमिक्स सड़क के लिए 2.41 करोड़ रुपये तथा पहेनिया में देहवा फीडर शारदा नहर पर 36 मीटर स्पान पुल निर्माण के लिए 2.48 करोड़ रुपये की योजना शामिल है। इसके अलावा ज्ञानपुरगोढ़ी के पीपलगोला क्षेत्र में मोटर मार्ग एवं देहवा नदी पर 60 मीटर स्पान आरसीसीपीएससी गार्डर पुल निर्माण, रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बरीराई में गौशाला निर्माण, राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय खटीमा में आवासीय भवन निर्माण तथा पुराने एनएच-125 से सुखापुल होते हुए लोहियाहेड मोटर मार्ग के सुदृढ़ीकरण के कार्य भी शामिल हैं। जोगीढेर नगला में 6 किलोमीटर हॉटमिक्स सड़क, मेलाघाट रोड से बग्घा कॉलोनी होते हुए मयूर बिहार सेक्टर-2 एवं 3 में 2.600 किलोमीटर मार्ग का इंटरलॉकिंग टाइल्स सेपुनर्निर्माण,खेतलसंडाखाम में खकरा नाले पर पुल निर्माण तथा मुख्य रोड से खकरा क्रोकोडायल ट्रेल तक 3.040 किलोमीटर मोटर मार्ग निर्माण का भी शिलान्यास किया गया।
इसके साथ ही बिकराबाग से चकरपुर तक सड़क को एक लेन से डेढ़ लेन में उच्चीकृत करने, खटीमा चौराहे से थारू विकास भवन तक सड़क को फोरलेन में चौड़ा करने एवं प्रकाश व्यवस्था, ग्राम सिसैया, मेलाघाट और एसएसबी कैंप कार्यालय की बाढ़ से सुरक्षा तथा सात गांवों में आवासीय भवनों को नदी-नालों की बाढ़ से सुरक्षा प्रदान करने संबंधी योजनाएं भी शामिल हैं। जनप्रतिनिधियों ने गिनाए विकास कार्य कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सर्वांगीण विकास के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने हल्दीघेरा में गौशाला निर्माण को निराश्रित गोवंश के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने लालकुआं में उच्च पशु चिकित्सालय के निर्माण का भी उल्लेख किया। जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य ने अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए जनपद में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बुजुर्गों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में महापौर दीपक बाली, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, प्रेम सिंह टूरना, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, दर्जा मंत्री गंभीर सिंह धामी, उत्तम दत्ता, किशन सिंह किन्ना, मोहिनी पोखरिया, रणजीत सिंह नामधारी, फरजाना बेगम, मंजीत सिंह राजू, गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष राजेंद्र अन्थवाल, पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा, राजेश शुक्ला, श्रीपाल सिंह, रवींद्र राणा, मनोज साही, राजपाल सिंह, बलराज सिंह, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

By Mohd Nafees

संपादक – सच्चाई की जीत पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713 संपर्क – 9837427792 व्हाट्सप्प – 9837427792 ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *