Oplus_131072


काशीपुर। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर पूर्व प्रदेश परिषद सदस्य भाजपा एवं युवा मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष वेद प्रकाश विद्यार्थी ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के स्वस्थ, दीर्घायु एवं निरंतर राष्ट्रसेवा में समर्पित रहने की कामना की।
वेद प्रकाश विद्यार्थी ने कहा कि नरेंद्र मोदी आज देश ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी एक प्रमुख राजनीतिक व्यक्तित्व के रूप में अपनी पहचान बना चुके हैं। उन्होंने कहा कि विभिन्न अंतरराष्ट्रीय मंचों और विशेष रूप से ब्रिक्स जैसे सम्मेलनों में भारत की सक्रिय भूमिका ने वैश्विक स्तर पर प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की चर्चा को और व्यापक किया है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी को मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में सार्वजनिक जीवन में कार्य करते हुए लगभग 25 वर्ष हो चुके हैं। विद्यार्थी ने अपने पुराने संस्मरण को साझा करते हुए बताया कि वह नरेंद्र मोदी को उस दौर से जानते हैं, जब वे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के विभाग संगठन मंत्री के रूप में कार्य कर रहे थे। उन्होंने बताया कि उस समय अनुसांगिक संगठनों की बैठकों में देशभर के पूर्णकालिक कार्यकर्ता शामिल होते थे। इसी दौरान एक बार नागपुर से उन्हें फोन आया। संघ कार्यालय में रहने वाले राम नारायण जी, जो पूर्व में काशीपुर में तहसील प्रचारक रह चुके थे, ने उनसे उनकी जन्मतिथि पूछी। विद्यार्थी ने बताया कि उनका जन्म 15 अगस्त 1950 को हुआ था। इस पर राम नारायण जी ने कहा कि मोहन जी, नरेंद्र मोदी और वे स्वयं एक ही वर्ष में जन्मे हैं। इस प्रसंग को याद करते हुए विद्यार्थी ने कहा कि उन्होंने स्वयं को छोटा व्यक्ति बताते हुए दोनों को पूजनीय बताया। वेद प्रकाश विद्यार्थी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे स्वस्थ रहें, नियमित योग करें और इसी प्रकार देश की सेवा करते रहें। उन्होंने भारत को अखंड एवं सशक्त बनाने तथा विश्व में देश का गौरव बढ़ाने की कामना भी व्यक्त की। वेद प्रकाश विद्यार्थी वर्तमान में काशीपुर महानगर, जनपद ऊधमसिंह नगर, उत्तराखंड से जुड़े हैं। वे भाजपा के पूर्व प्रदेश परिषद सदस्य, नैनीताल जनपद युवा मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष तथा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के अलीगढ़ एवं गढ़वाल मंडल के पूर्व विभाग संगठन मंत्री रह चुके हैं। वे द्वितीय संघ शिक्षा वर्ग प्रशिक्षित हैं।

By Mohd Nafees

संपादक – सच्चाई की जीत पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713 संपर्क – 9837427792 व्हाट्सप्प – 9837427792 ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *