विकास योजनाओं की समीक्षा, सीडीओ ने दिए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
रुद्रपुर। मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी ने विकास भवन सभागार में ग्राम्य विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने मनरेगा, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, रीप, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, ग्रामीण स्वच्छता, सांसद व विधायक निधि तथा पुस्तकालयों के संचालन से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए।
सीडीओ ने आंगनबाड़ी केंद्रों में मनरेगा के तहत चल रहे कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने, सांसद व विधायक निधि के कार्यों में तेजी लाने तथा निर्माणाधीन पुस्तकालयों को जल्द संचालित कराने को कहा। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में कूड़े का पृथकीकरण कर उचित निस्तारण सुनिश्चित करने तथा कूड़ा एकत्र करने वाले वाहनों का नियमित संचालन करने के निर्देश दिए।
उन्होंने मनरेगा में मानव दिवस बढ़ाने और अमृत सरोवरों पर आजीविका से जुड़ी गतिविधियां संचालित करने पर जोर दिया। वहीं, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्थापित ग्रोथ सेंटरों का सुचारु संचालन रीप परियोजना के सहयोग से कराने के निर्देश दिए।
सीडीओ ने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं की आय बढ़ाने के लिए उन्हें बाजार उपलब्ध कराने और औद्योगिक संस्थानों से समन्वय कर समूहों के माध्यम से भोजन एवं फास्ट फूड जैसी सेवाएं उपलब्ध कराने की संभावनाएं तलाशने को कहा। बैठक में परियोजना निदेशक डीआरडीए हिमांशु जोशी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

By Mohd Nafees

संपादक – सच्चाई की जीत पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713 संपर्क – 9837427792 व्हाट्सप्प – 9837427792 ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *