
पहाड़ी से अचानक मलबा और भारी पत्थर गिरने के दौरान तीन युवक घायल हो गए। तीनों घायल युवक अपनी स्कूटी से कल्पेश्वर महादेव के दर्शन कर देहरादून लौट रहे थे।
ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर तड़के पौने पांच बजे नायरा पेट्रोल पंप के समीप पहाड़ी से अचानक मलबा और भारी पत्थर गिरने के दौरान तीन युवक इसकी चपेट में आकर दब गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही चौकी बचेलीखाल पुलिस तत्काल आपदा राहत उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
जानकारी के अनुसार, तीनों घायल युवक अपनी स्कूटी से कल्पेश्वर महादेव के दर्शन कर देहरादून लौट रहे थे। घायलों की पहचान गुरप्रीत सिंह(18) पुत्र सतनाम सिंह, नितिन(22) पुत्र राधेश्याम और कुणाल(14)पुत्र मुकेश कुमार (सभी निवासी प्रेमनगर, देहरादून) के रूप में हुई है। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को त्वरित प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवप्रयाग पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक चिकित्सा के बाद उनकी स्थिति को देखते हुए बेस अस्पताल श्रीनगर रेफर कर दिया गया।
घायलों में 14 वर्षीय कुणाल की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। घटना की जानकारी देते हुए देवप्रयाग कोतवाल प्रशांत बहुगुणा ने बताया कि पीड़ितों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है।पुलिस प्रशासन ने मार्ग से मलबा हटाकर यातायात को सुचारू कर दिया गया हैं।

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com
