
मौसम विभाग ने देहरादून, हरिद्वार, बागेश्वर, नैनीताल, पौड़ी और चमोली जिलों में भारी बारिश होने का यलो अलर्ट जारी किया है।
प्रदेश के अधिकतर जिलों में रविवार को भारी बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने देहरादून, हरिद्वार, बागेश्वर, नैनीताल, पौड़ी और चमोली जिलों में भारी बारिश होने का यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, अन्य जिलों में भी गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और कई दौर की बारिश होने की संभावना जताई गई है।
प्रदेश में 81 ग्रामीण मार्ग समेत 108 सड़क बंद
राज्य में शनिवार को 108 सड़कें बंद रहीं, जो अभी तक नहीं खुली हैं। इनमें सर्वाधिक प्रभावित ग्रामीण मार्ग (81) हैं। जिलों की बात करें तो अल्मोड़ा में आठ, बागेश्वर में छह, चमोली में 13, चंपावत में दो, देहरादून में 12 सड़कें बंद हैं। इनके अलावा नैनीताल में 19, पौड़ी में 12, पिथौरागढ़ में 18, रुद्रप्रयाग में आठ, टिहरी में आठ और उत्तरकाशी में दो मार्ग बंद रहे।
मसूरी की सड़कें बदहाल, बारिश ने खोली विभागों की पोल
पहाड़ों की रानी मसूरी में बारिश ने नगर पालिका और लोनिवि की सड़कों की बदहाली उजागर कर दी है। शहर के प्रमुख मार्गों पर जगह-जगह गड्ढे और उखड़ी सड़कें लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गई हैं। दोपहिया वाहन चालकों के लिए हादसों का खतरा बढ़ गया है।
मैसानिक लॉज बस अड्डे से किंग्रेग के बीच सड़क कई स्थानों पर पूरी तरह उखड़ चुकी है। मसूरी-दून मार्ग और मालरोड भी कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हैं। शहर की व्यस्त तिलक रोड की हालत भी लंबे समय से खराब है। इस सड़क के किनारे कई होटल हैं। पर्यटकों की आवाजाही के बीच सड़क की खराब स्थिति शहर की छवि पर भी असर डाल रही है। स्थानीय निवासी राजेंद्र प्रसाद और मनोज सिंह ने कहा कि सड़कें लंबे समय से खराब हैं और विभाग केवल आश्वासन दे रहे हैं। लोगों का कहना है कि बड़े गड्ढों को अस्थायी रूप से भरकर यातायात सुरक्षित किया जा सकता है।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन ने बताया कि बरसात के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों को तेजी से ठीक कराया जाएगा। लोनिवि के ईई दीपक कुमार वर्मा ने कहा कि गड्ढे भरने के लिए कार्ययोजना तैयार हो रही है। उन्होंने बताया कि बड़े गड्ढों को शीघ्र भरा जाएगा। सड़कों की मरम्मत का कार्य 15 सितंबर को बारिश रुकने के बाद शुरू होगा।

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com
