केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने भारत-जापान कारोबारी साझेदारी को नई ऊंचाई देने पर जोर दिया। उन्होंने भारत में मौजूद 1,580 जापानी कंपनियों से सुजुकी जैसी सफलता की मिसाल बनने की उम्मीद जताई। क्या जापानी निवेश को और बढ़ाया जाएगा? केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने भारत और जापान के बीच व्यापार एवं निवेश संबंधों को और मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच कारोबारी सहयोग को अगले दशक में नई ऊंचाई तक ले जाने की जरूरत है। गोयल ने जापान चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (JCCI) की जापान-इंडिया बिजनेस कंसल्टेटिव कमेटी (JIBCC) और भारतीय दूतावास की राउंड टेबल बैठक में यह बात कही।

गोयल ने कहा कि भारत और जापान इस वर्ष राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ मना रहे हैं और इसे ‘इंडिया-जापान ईयर ऑफ शेयर्ड होराइजंस’ के तौर पर देखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह दोनों देशों की साझेदारी के भविष्य और अगले दशक में कारोबार के स्तर पर सहयोग बढ़ाने की दिशा में चर्चा का बेहतर अवसर है।

दोगुनी हो जापानी कंपनियों की मौजूदगी

वाणिज्य मंत्री ने कहा कि भारत में पहले से बड़ी संख्या में जापानी कंपनियां काम कर रही हैं। उनका लक्ष्य है कि इस दशक में भारत में सक्रिय जापानी कंपनियों की संख्या मौजूदा स्तर से दोगुनी हो। उन्होंने कहा कि भारत लगातार सुधार के सिद्धांत पर आगे बढ़ रहा है और इस यात्रा में जापान को साझेदार के रूप में देखता है। गोयल के मुताबिक, भारत की अर्थव्यवस्था आज करीब चार ट्रिलियन डॉलर की है और 2047 तक इसे 30 ट्रिलियन डॉलर तक ले जाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा गया है।

भारत में बनें 1,580 ‘सुजुकी’ जैसी कंपनियां

गोयल ने भारत की युवा आबादी को देश की बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि यहां कामकाजी आबादी की औसत उम्र 30 वर्ष से कम है और आने वाले कई दशकों तक यह आबादी युवा बनी रहने की उम्मीद है। उन्होंने जापानी कंपनी सुजुकी का उदाहरण देते हुए कहा कि भारत में कंपनी ने पिछले चार दशकों में लंबा सफर तय किया है और आज उसके बड़े तथा लाभदायक कारोबार में भारत की महत्वपूर्ण भूमिका है। गोयल ने कहा कि वह भारत में प्रतिनिधित्व करने वाली 1,580 कंपनियों से ऐसी ही सफलता की उम्मीद करते हैं और चाहते हैं कि भारत से 1,580 सुजुकी जैसी कंपनियां विकसित हों।

8-9 देशों के समूहों से FTA पर बातचीत

गोयल ने बताया कि भारत फिलहाल 8-9 और देशों या देशों के समूहों के साथ मुक्त व्यापार समझौते (FTA) को लेकर बातचीत कर रहा है। इन संभावित समझौतों से करीब 15 ट्रिलियन डॉलर की अतिरिक्त अर्थव्यवस्था तक बाजार पहुंच मिल सकती है। उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षों में भारत ने नौ मुक्त व्यापार समझौते किए हैं। इन समझौतों के जरिए करीब 60 ट्रिलियन डॉलर की संयुक्त GDP वाली 38 विकसित अर्थव्यवस्थाओं तक पहुंच बनी है। जापान, दक्षिण कोरिया और ASEAN क्षेत्र के साथ पहले हुए व्यापार समझौतों ने भी करीब 10 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था तक पहुंच उपलब्ध कराई है।

गोयल के मुताबिक, आगामी समझौतों के बाद भारत के FTA नेटवर्क के जरिए दुनिया के करीब 75 प्रतिशत व्यापार को कवर करने का लक्ष्य है। इससे भारत वैश्विक वैल्यू चेन में एक भरोसेमंद साझेदार के तौर पर अपनी स्थिति मजबूत कर सकेगा।

By Mohd Nafees

संपादक – सच्चाई की जीत पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713 संपर्क – 9837427792 व्हाट्सप्प – 9837427792 ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *