

काशीपुर। महानगर कांग्रेस कमेटी की जिला अध्यक्ष अलका पाल ने चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच में अब तक हुई प्रगति को सार्वजनिक करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि अंकिता के माता-पिता ने जांच के दौरान जिन दो कथित वीआईपी लोगों के नाम सामने रखे थे, सीबीआई जांच में अब तक उनके संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।
अलका पाल ने आरोप लगाया कि दूसरी ओर इन्हीं दोनों लोगों को भाजपा की ओर से अन्य राज्यों में सम्मानित किए जाने की कोशिश की गई, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी भारत जोड़ो यात्रा के दौरान अंकिता भंडारी के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया था।
उन्होंने कहा कि अंकिता हत्याकांड की जांच में कथित तौर पर हो रही देरी से पीड़ित परिवार और प्रदेश की जनता में निराशा है। कांग्रेस ने मांग की कि सीबीआई जांच की अब तक की प्रगति सार्वजनिक की जाए, जांच में तेजी लाई जाए और मामले से जुड़े प्रत्येक दोषी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी और उसके परिवार को न्याय मिल सके।

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com
