हरेला पर्व उत्तराखंड में आज; प्रदेश में पौधरोपण कार्यक्रम, भाजपा का छह लाख पौधे लगाने अभियान Harela Festival 2026: उत्तराखंड में आज लोकपर्व का उत्सव, हरियाली का महाअभियान, छह लाख पौधे लगाएगी भाजपा उत्तराखंड में आज लोकपर्व हरेला पूरे उत्साह और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ मनाया गया। इस अवसर पर प्रदेशभर में व्यापक पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। भाजपा ने भी ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत अगले एक माह में छह लाख पौधे लगाने का लक्ष्य लेकर राज्यव्यापी अभियान की शुरुआत की है। हरेला पर्व पर एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत भाजपा ने प्रदेशभर में छह लाख पौधे रोपने का अभियान शुरु कर दिया है। आज शुरू होकर एक माह तक चलने वाले इस अभियान के तहत राज्य में बूथ स्तर पर न्यूनतम 50 पौधे मंत्रियों, सांसदों, विधायकों आदि जनप्रतिनिधियों एवं पार्टी पदाधिकारियों के सहयोग से लगाए जाएंगे।
  प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने बताया कि पौधरोपण का यह अभियान 15 अगस्त तक चलेगा। पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के त्यौहार हरेला को पार्टी एक पेड़ मां के नाम अभियान के रूप में मनाएगी। प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र बिष्ट के संयोजन में महिला मोर्चा अध्यक्ष रुचि भट्ट, किसान मोर्चा अध्यक्ष महेंद्र सिंह नेगी एवं युवा मोर्चा अध्यक्ष विपुल मेंदोली को जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रदेश अध्यक्ष भट्ट ने सभी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और आम जनमानस से पूर्ण मन, वचन, कर्म से पौधरोपण करने की अपील की है। परिहार ने बताया कि महाअभियान को सफल बनाने के लिए पार्टी संगठन ने जिला स्तर व मंडल स्तर पर भी विशेष समितियों का गठन किया है। जो राज्य के सभी 11,729 बूथों पर विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से जनसहयोग से पर्यावरण संरक्षण के लक्ष्य को पूरा करेंगे। सांसद अपने क्षेत्र में न्यूनतम 10, विधायकों, जिला पंचायत अध्यक्षों, मेयर, नगर पालिका, पंचायत अध्यक्षों एवं ब्लॉक प्रमुखों की ओर से अपने-अपने क्षेत्रों में न्यूनतम 15 पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस अभियान में पौधे की सुरक्षा व देखरेख की जिम्मेदारी को भी निर्धारित किया जा रहा है। पौधरोपण के बाद प्रत्येक पौधे की सुरक्षा के लिए विशेष रूप से कार्यकर्ताओं के नाम निर्धारित किए जाएंगे। हरेला पर्व के अवसर पर नगर निगम देहरादून ने हरित क्रांति अभियान की शुरुआत की। अभियान के तहत निगम ने 70 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के माध्यम से घर-घर साग-सब्जियों की पौध वितरित की जा रही है। मेयर सौरभ थपलियाल और नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडे ने पौधा वितरित कर अभियान का शुभारंभ किया। लोकपर्व हरेला के अवसर पर हरिद्वार कांगड़ी ग्राम स्थित प्रेम निवास आश्रम में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। आश्रम के महंत देवेंद्र दास तोमर के सौजन्य से हुए कार्यक्रम में मुख्य अतिथि हरिद्वार सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और प्रदेशवासियों को हरेला की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर आम की दावत भी आयोजित की गई।

By Mohd Nafees

संपादक – सच्चाई की जीत पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713 संपर्क – 9837427792 व्हाट्सप्प – 9837427792 ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed