रुद्रपुर। फोटोयुक्त विधानसभा निर्वाचन नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम की समीक्षा के लिए भारत निर्वाचन आयोग की तीन सदस्यीय टीम ने गुरुवार को जिला सभागार में रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, बीएलओ और सुपरवाइजरों के साथ बैठक कर जमीनी स्तर पर किए जा रहे कार्यों का जायजा लिया। बैठक के दौरान आयोग की टीम ने बीएलओ से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की प्रगति की जानकारी ली और निर्देश दिए कि गणना प्रपत्रों में मतदाताओं के स्पष्ट एवं अद्यतन फोटो लगाए जाएं, ताकि त्रुटिरहित और पूरी तरह अपडेट मतदाता सूची तैयार की जा सके। टीम ने रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से शत-प्रतिशत गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे तथा किसी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल न हो। आयोग की टीम ने फील्ड में कार्य के दौरान नेटवर्क और अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली। इस पर उप जिलाधिकारी मनीष बिष्ट ने बताया कि जनपद में नेटवर्क संबंधी कोई समस्या नहीं है और एसआईआर का कार्य निर्धारित समयसीमा के अनुसार सुचारु रूप से संचालित किया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आयोग के सभी निर्देशों का पालन करते हुए समय पर शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन का कार्य पूरा कर लिया जाएगा। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी राजेन्द्र सिंह अधिकारी ने बताया कि जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया के निर्देशन में सभी विधानसभा क्षेत्रों के रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, बीएलओ और सुपरवाइजरों को मास्टर ट्रेनरों द्वारा दो चरणों में प्रशिक्षण दिया जा चुका है। इससे फील्ड में पुनरीक्षण कार्य तेजी और सुगमता से हो रहा है।
उन्होंने बताया कि एसआईआर कार्य की तहसील एवं जिला स्तर पर लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है तथा इसके लिए कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। फील्ड में किसी भी प्रकार की समस्या आने पर संबंधित अधिकारी कंट्रोल रूम के माध्यम से तत्काल समाधान सुनिश्चित कर रहे हैं। बैठक में भारत निर्वाचन आयोग की टीम के अनुभाग अधिकारी चन्दर मोहन, सहायक अनुभाग अधिकारी शमीक मुखर्जी एवं आयुष कुमार, उप जिलाधिकारी ऋचा सिंह, मनीष बिष्ट, राहुल शाह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी राजेन्द्र सिंह अधिकारी सहित सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजर उपस्थित रहे।

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com

