Oplus_131072

रुद्रपुर नगर निगम के महापौर विकास शर्मा ने मंगलवार को हल्द्वानी स्थित कैंप कार्यालय में कुमाऊँ आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत से शिष्टाचार भेंट कर रुद्रपुर नगर के विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों एवं जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। मुलाकात के दौरान महापौर ने रुद्रपुर शहर में बरसात के दौरान होने वाली जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए आंतरिक मार्ग संख्या-87 में अटरिया मोड़ से डीडी चौक होते हुए त्रिशूल चौक तक सड़क के दोनों ओर आरसीसी नाले के निर्माण हेतु आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराए जाने का अनुरोध किया। उन्होंने अवगत कराया कि नगर निगम द्वारा इस कार्य का विस्तृत आगणन (डीपीआर) तैयार किया जा चुका है तथा इसकी अनुमानित लागत लगभग ₹1661.61 लाख है। महापौर ने बताया कि उक्त निर्माण कार्य शहर की जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, वर्षाकाल में जलभराव की समस्या से राहत दिलाने तथा आमजन को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने अनुरोध किया कि इस जनहितकारी परियोजना हेतु जिला विकास प्राधिकरण के माध्यम से आवश्यक धनराशि शीघ्र उपलब्ध कराई जाए। कुमाऊँ आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने महापौर द्वारा उठाए गए विषयों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित प्रस्ताव का परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित किए जाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जनहित एवं शहरी विकास से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देते हुए सभी संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। मुलाकात के दौरान रुद्रपुर शहर के समग्र विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी सकारात्मक चर्चा हुई।

By Mohd Nafees

संपादक – सच्चाई की जीत पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713 संपर्क – 9837427792 व्हाट्सप्प – 9837427792 ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *