काशीपुर। जनपद ऊधम सिंह नगर के ग्राम मिस्सरवाला स्थित 17 एकड़ कॉलोनी में राष्ट्रीय मानव अधिकार संगठन भारत की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक संगठन के प्रदेश सचिव मोहम्मद फरकान के आवास पर संपन्न हुई, जिसमें संगठन के पदाधिकारियों एवं क्षेत्रवासियों ने भाग लेकर क्षेत्र की वर्षों पुरानी बिजली समस्या पर गंभीर चर्चा की। बैठक में क्षेत्रवासियों ने बताया कि 17 एकड़ कॉलोनी लंबे समय से कम वोल्टेज एवं अनियमित विद्युत आपूर्ति की समस्या से जूझ रही है। बिजली की खराब व्यवस्था के कारण घरेलू उपकरण सुचारु रूप से संचालित नहीं हो पा रहे हैं और पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है। भीषण गर्मी में बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग सबसे अधिक परेशान हैं तथा रात में पर्याप्त नींद तक नहीं ले पा रहे हैं। इस अवसर पर राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रभारी उत्तराखंड ज़ुबैर सिद्दीकी ने कहा कि बिजली, पानी और अन्य मूलभूत सुविधाएं प्रत्येक नागरिक का अधिकार हैं। यदि किसी क्षेत्र के लोग वर्षों से ऐसी समस्याओं का सामना कर रहे हैं तो यह बेहद गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय मानव अधिकार संगठन भारत इस मुद्दे को संबंधित विभाग एवं प्रशासन के समक्ष मजबूती से उठाएगा और समाधान होने तक क्षेत्रवासियों के साथ खड़ा रहेगा। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि भीषण गर्मी को देखते हुए मामले का तत्काल संज्ञान लेकर विद्युत व्यवस्था में सुधार के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि लोगों को राहत मिल सके। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि शीघ्र ही विद्युत विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर कम वोल्टेज और अनियमित बिजली आपूर्ति की समस्या के स्थायी समाधान की मांग की जाएगी। बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष उत्तराखंड वसीम सिद्दीकी, विधानसभा महासचिव (जसपुर) मोहम्मद गुलफाम, ब्लॉक अध्यक्ष (जसपुर) शरीफ अहमद, ब्लॉक सूचना मंत्री (जसपुर) मोहम्मद शाकिर, सोशल मीडिया कार्यकारिणी सदस्य जीशान अल्वी, मोहम्मद शाहनवाज सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। जारीकर्ता:
ज़ुबैर सिद्दीकी
राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रभारी, उत्तराखंड
राष्ट्रीय मानव अधिकार संगठन भारत
“मानव अधिकारों की रक्षा, जनता की सेवा”

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com

