Oplus_131072

काशीपुर, 07 जून। प्रदेश के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने आज काशीपुर स्थित गन्ना प्रेक्षागृह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा एवं केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में आयोजित राष्ट्रव्यापी “खेत बचाओ अभियान” कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों, कृषि विशेषज्ञों एवं विभागीय अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि किसानों की मेहनत और नवीन तकनीकों को अपनाने की सोच ही कृषि क्षेत्र को नई दिशा देने का कार्य कर रही है। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने किसानों से रासायनिक उर्वरकों के संतुलित एवं कम से कम उपयोग का आग्रह करते हुए कहा कि मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने के लिए नियमित मृदा परीक्षण (सॉइल टेस्टिंग) कराया जाना आवश्यक है। उन्होंने किसानों को वैज्ञानिक तकनीकों, आधुनिक कृषि पद्धतियों एवं जैविक उपायों को अपनाकर खेती को अधिक लाभकारी और टिकाऊ बनाने के लिए प्रेरित किया। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि मिट्टी का स्वास्थ्य सुरक्षित रखना समय की आवश्यकता है। यदि किसान मृदा परीक्षण के आधार पर उर्वरकों का प्रयोग करेंगे तो उत्पादन लागत कम होगी, फसल की गुणवत्ता बढ़ेगी तथा भूमि की उत्पादकता लंबे समय तक बनी रहेगी। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने किसानों से जल संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के संतुलित उपयोग और पर्यावरण अनुकूल कृषि पद्धतियों को अपनाने का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसानों को प्राकृतिक एवं जैविक खेती को अपनाते हुए उत्पादन बढ़ाने की दिशा में कार्य करना चाहिए। इससे जहां भूमि की उर्वरता संरक्षित रहेगी, वहीं कृषि लागत में कमी आने के साथ किसानों की आय में भी वृद्धि होगी। कृषि मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में किसानों के हित में ड्रैगन फ्रूट, कीवी तथा मिलेट जैसी फसलों को बढ़ावा देने के लिए प्रभावी नीतियां बनाई गई हैं। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि पहले मिट्टी का परीक्षण केवल प्रयोगशालाओं तक सीमित था, जिसके कारण किसानों को अपनी भूमि की वास्तविक स्थिति की जानकारी समय पर नहीं मिल पाती थी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार ने “लैब टू लैंड” की अवधारणा को धरातल पर उतारा है, जिसके तहत अब कृषि वैज्ञानिक स्वयं किसानों के खेतों तक पहुंचकर मिट्टी का परीक्षण कर रहे हैं। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान के तहत न्याय पंचायत स्तर तक व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम चलाकर किसानों और ग्रामीणों को मिट्टी परीक्षण तथा कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि अधिक से अधिक किसान इसका लाभ उठा सकें। कार्यक्रम के दौरान किसानों को मृदा स्वास्थ्य, उर्वरक प्रबंधन एवं आधुनिक कृषि तकनीकों के संबंध में विस्तृत जानकारी भी प्रदान की गई। इस अवसर पर मेयर काशीपुर दीपक बाली, जिला उपाध्यक्ष अमित नारंग जिला विकास अधिकारी सुशील मोहन डोभाल, जिला कृषि अधिकारी विकेश यादव, जिला उद्यान अधिकारी सतीश शर्मा सहित विभागीय अधिकारीगण एवं कृषकगण उपस्थित रहे।

By Mohd Nafees

संपादक – सच्चाई की जीत पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713 संपर्क – 9837427792 व्हाट्सप्प – 9837427792 ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *