Oplus_131072

रुद्रपुर, 29 मई 2026। बागवाला में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 156 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 1872 आवास जल्द ही लाभार्थियों को आवंटित किए जाएंगे। शुक्रवार को सचिव आवास एवं राज्य सम्पत्ति डॉ. आर. राजेश कुमार ने रुद्रपुर पहुंचकर विकास प्राधिकरण की विभिन्न निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों से विकास कार्यों की जानकारी ली।सचिव ने बागवाला स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना परियोजना का निरीक्षण करते हुए कहा कि शीघ्र ही आवासों का लोकार्पण कर लाभार्थियों को चाबियां सौंपी जाएंगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लाभार्थियों से शेष धनराशि जल्द जमा कराई जाए ताकि आवंटन प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके।उपाध्यक्ष विकास प्राधिकरण ने बताया कि प्रत्येक आवास के लिए 3 लाख रुपये सरकार द्वारा तथा 3 लाख रुपये लाभार्थी द्वारा जमा किए जाने हैं। अब तक 185 लाभार्थियों ने पूरी धनराशि जमा कर दी है, जबकि 222 लाभार्थियों को पत्र एवं दूरभाष के माध्यम से भुगतान के लिए सूचित किया गया है।
सचिव प्राधिकरण ने जानकारी दी कि आवास परिसर में साफ-सफाई और पौधारोपण का कार्य जारी है। साथ ही परिसर में स्थापित एसटीपी की टेस्टिंग भी पूरी कर ली गई है।
निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर संतोष जताते हुए सचिव आवास ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत बने इन आवासों का लोकार्पण प्रधानमंत्री या मुख्यमंत्री द्वारा शीघ्र कराया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 जल्द शुरू होने जा रही है और अधिकारियों को नई परियोजनाओं के लिए भूमि चिन्हित करने के निर्देश दिए गए हैं।इसके बाद सचिव ने त्रिशूल चौक के पास लोनिवि की 6.5 एकड़ भूमि का निरीक्षण किया, जहां कुमाऊं कॉमर्शियल कुटीर बहुमंजिला प्रोजेक्ट प्रस्तावित है। अधिकारियों ने बताया कि इस परियोजना में आवासीय एवं व्यावसायिक बहुमंजिला भवन बनाए जाएंगे, जिसकी प्रारंभिक डीपीआर शासन को भेजी जा चुकी है।
सचिव ने रामपुर रोड पर प्रस्तावित ट्रांसपोर्ट नगर परियोजना का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों के अनुसार 48 एकड़ क्षेत्रफल में बनने वाली इस परियोजना के लिए 72 करोड़ रुपये की प्रारंभिक डीपीआर शासन को भेजी गई है। सचिव आवास ने कहा कि ट्रांसपोर्ट नगर में ट्रांसपोर्टर्स को सभी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी।इसके अलावा सचिव ने त्रिशूल चौक से मेडिकल कॉलेज तक सड़क चौड़ीकरण कार्य तथा कलेक्ट्रेट परिसर में निर्माणाधीन विकास प्राधिकरण कार्यालय का भी निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष जिला विकास प्राधिकरण जय किशन, सीडीओ दिवेश शाशनी, सचिव जिला विकास प्राधिकरण पंकज उपाध्याय, एमएनए शिप्रा जोशी एवं अधिशासी अभियंता लोनिवि गजेंद्र सिंह सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।

By Mohd Nafees

संपादक – सच्चाई की जीत पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713 संपर्क – 9837427792 व्हाट्सप्प – 9837427792 ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *