काशीपुर। पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की बढ़ती कीमतों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शनिवार को काशीपुर के महाराणा प्रताप चौक पर केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। उत्तराखंड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के निर्देशन एवं महानगर कांग्रेस अध्यक्ष के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसियों ने केंद्र सरकार का पुतला दहन कर जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान कांग्रेस की काशीपुर जिला अध्यक्ष श्रीमती अलका पाल ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी के शासनकाल में महंगाई चरम पर पहुंच चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि हाल ही में कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाकर व्यापारियों पर आर्थिक बोझ डाला गया था और अब डीजल, पेट्रोल व सीएनजी की कीमतों में वृद्धि कर आम जनता की कमर तोड़ने का काम किया गया है। उन्होंने कहा कि जनता इसका जवाब आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में देगी।
वहीं पूर्व कांग्रेस महानगर अध्यक्ष संदीप सहगल ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में हर वर्ग परेशान है। महिलाओं में असुरक्षा की भावना बढ़ी है और प्रशासनिक व्यवस्था पूरी तरह मनमानी पर उतर आई है। उन्होंने प्रदेश में “जंगलराज” होने का आरोप भी लगाया।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पीसीसी सदस्य अरुण चौहान ने भी भाजपा सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से जनता त्रस्त हो चुकी है और आने वाले चुनाव में इसका मुंहतोड़ जवाब देगी। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य सरकार नीट पेपर लीक मामले से जनता का ध्यान भटकाने के लिए पेट्रोल-डीजल की कीमतों में वृद्धि जैसे मुद्दों को हवा दे रही है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए महंगाई पर तत्काल नियंत्रण की मांग की।

By Mohd Nafees

संपादक – सच्चाई की जीत पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713 संपर्क – 9837427792 व्हाट्सप्प – 9837427792 ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *