काशीपुर में विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर काशीपुर मीडिया सेंटर द्वारा एक विचार संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस दौरान उपस्थित पत्रकारों ने निर्भीक और निष्पक्ष पत्रकारिता के मूल्यों को बनाए रखने पर जोर दिया। संगोष्ठी की अध्यक्षता संगठन के अध्यक्ष दिलप्रीत सेठी ने की, जबकि संचालन पत्रकार रफी खान ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन और पुष्प अर्पित कर की गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विशेष आमंत्रित सदस्य एवं पत्रकार मुकुल मानव ने कहा कि प्रेस लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और एक सच्चा पत्रकार निडरता तथा ईमानदारी के साथ समाज को सत्य से जोड़ने का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि यह दिन उन पत्रकारों को सम्मान देने का अवसर है जो कठिन परिस्थितियों में भी निष्पक्ष पत्रकारिता करते हैं। उन्होंने यह भी चिंता जताई कि वर्तमान समय में पत्रकारिता का स्वरूप बदलता जा रहा है और जो पत्रकार आमजन की आवाज उठाते हैं, उन्हें ही अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। संगठन के कोषाध्यक्ष नीरज गुप्ता ने अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता सहित विभिन्न मुद्दों पर अपने विचार रखे। उन्होंने सरकार से पत्रकारों के हित में ठोस कदम उठाने की मांग करते हुए उनके लिए सुरक्षा, बेहतर चिकित्सा सुविधाएं, बच्चों की शिक्षा और प्रशिक्षण के अवसर सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उपाध्यक्ष एफ.यू. खान ने कहा कि पत्रकारिता हमेशा निष्पक्ष और निर्भीक होनी चाहिए तथा पत्रकार को हर परिस्थिति में सच का साथ देना चाहिए। इसके अलावा महामंत्री गजेन्द्र यादव, सचिव करन सिंह और भगवान सिंह सहित अन्य पत्रकारों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। अपने अध्यक्षीय संबोधन में दिलप्रीत सेठी ने बताया कि संयुक्त राष्ट्र ने वर्ष 1993 में 3 मई को विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस के रूप में मान्यता दी थी, जो 1991 के विंडहोक घोषणापत्र की स्मृति में मनाया जाता है। इस घोषणापत्र में स्वतंत्र, निष्पक्ष और विविधतापूर्ण प्रेस की आवश्यकता पर बल दिया गया था। उन्होंने कहा कि संगोष्ठी में आए सुझावों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और पत्रकारों की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

By Mohd Nafees

संपादक – सच्चाई की जीत पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713 संपर्क – 9837427792 व्हाट्सप्प – 9837427792 ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *