देहरादून:- PM Narendra Modi Inaugurate Delhi Dehradun Expressway News:  दून-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर विधिवत संचालन आज से शुरू हो जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दून-दिल्ली इकोनॉमिक कॉरिडोर का लोकार्पण करेंगे। अब दून से दिल्ली की दूरी मात्र ढाई से तीन घंटे की रह जाएगी। पीएम बनने के बाद 28वीं बार वह उत्तराखंड आ रहे हैं। 

सघन चेकिंग व सत्यापन अभियान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे के मद्देनजर दून पुलिस अलर्ट मोड में है। एसएसपी के नेतृत्व में पूरे जिले में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक दिन-रात सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। शहर के सभी होटल और गेस्ट हाउस में रुके लोगों का सत्यापन भी किया जा रहा है। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर जनपद की सीमाओं पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

12 किलोमीटर रोड शो के लिए 13 जोन बने, जोनल मजिस्ट्रेट तैनात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 किलोमीटर लंबे रोड शो के लिए मार्ग को कुल 13 जोन में बांटा गया है। सभी जोन में जोनल मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। इसके साथ ही सेक्टर और नोडल अफसर भी अलग-अलग जोन में तैनात किए गए हैं। 

पीएम के दून दौरे की अभेद्य सुरक्षा

पीएम दौरे के दौरान पुलिस ने अभेद्य सुरक्षा व्यवस्था की है। इसके लिए तीन हजार पुलिसकर्मी रोड शो रूट और कार्यक्रम स्थल के आसपास तैनात रहेंगे। इनमें 550 महिला पुलिस अधिकारी और कर्मियों को भी अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं। ये अफसर और कर्मचारी कंट्रोल रूम से लेकर शहर में भी ड्यूटी पर तैनात रहेंगी।

एक्सप्रेसवे से बंदर हटाने को गुलेल टीम तैनात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम के लिए वन विभाग भी पूरी तरह से अलर्ट है। एलिवेटेड रोड से मां डाट काली मंदिर तक बड़ी संख्या में बंदर सड़क पर रहते हैं। इस लिहाज से बड़ी संख्या में वनकर्मियों को तैनात किया गया है। वनकर्मी गुलेल से बंदरों को हटाने का काम करेंगे। मां डाट काली मंदिर में करीब 10 वनकर्मियों को इसकी जिम्मेदारी दी गई है। इसके साथ ही एलिवेटेड रोड के नीचे मोहंड क्षेत्र में 30 वनकर्मी तैनात किए गए हैं।

चप्पे-चप्पे पर पुख्ता सुरक्षा, रूट डायवर्ट

प्रधानमंत्री के दौरे के मद्देनजर चप्पे-चप्पे पर पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था की गई है। शहर में व्यापक स्तर पर रूट डायवर्ट किया गया है। रैली में शामिल होने के लिए आने वाली बसों को भी रैली स्थल से काफी दूर ही पार्क करने की व्यवस्था है। पुलिस और वनकर्मियों ने जंगल में गहन कॉम्बिंग की है। पुलिस ने शहर के सभी होटल, गेस्ट हाउस में रुके हुए लोगों का ब्योरा जांचा। सोमवार को सुरक्षा व्यवस्थाओं का पूर्वाभ्यास किया।

28वीं बार उत्तराखंड आ रहे प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी 28वीं बार उत्तराखंड आ रहे हैं। पांच बार केदारनाथ आ चुके हैं, साथ ही बदरीनाथ व मुखबा का भी दौरा कर चुके हैं। बीते वर्ष मार्च में उत्तरकाशी जिले में मां गंगा के शीतकालीन प्रवास स्थल मुखबा पहुंचकर प्रधानमंत्री ने शीतकालीन यात्रा का संदेश दिया था।

राज्य के लिए महत्वपूर्ण अवसर : धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड आगमन राज्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण अवसर है। आज प्रधानमंत्री उत्तराखंड को दून-दिल्ली एक्सप्रेसवे की बड़ी सौगात देंगे। यह एक्सप्रेसवे राज्य की अर्थव्यवस्था व पर्यटन को बढ़ावा देने में मील का पत्थर साबित होगा। प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में राज्य का विकास तेजी से आगे बढ़ रहा है।

12:30 बजे जनसभा स्थल पर पहुंचेंगे पीएम मोदी

12:30 बजे पीएम मोदी जनसभा स्थल पर पहुंच जाएंगे। वहां से दून-दिल्ली एक्सप्रेसवे को आमजन को समर्पित करेंगे और मैदान से ही जनसभा को संबोधित करेंगे। उनका संबोधन गणेशपुर में कार्यक्रम स्थल पर लाइव प्रसारित किया जाएगा। पीएम मोदी उत्तराखंड को दून-दिल्ली इकोनॉमिक कॉरिडोर समेत कई जल विद्युत परियोजनाओं व अन्य योजनाओं की सौगात देंगे। दोपहर करीब 1:30 बजे पीएम कार्यक्रम स्थल से कैंट स्थित जीटीसी हेलीपैड पहुंचेंगे। दोपहर 1:40 बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट के लिए रवाना हो जाएंगे। वहां से 1:50 बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

डाट काली मंदिर में 10 मिनट तक पूजा-अर्चना करेंगे पीएम मोदी

डाट काली मंदिर में पीएम मोदी करीब 10 मिनट तक पूजा-अर्चना करेंगे। यहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी उनका स्वागत करेंगे। दोपहर करीब 12 बजे डाट काली मंदिर से शहीद जसवंत सिंह मैदान तक रोड शो करेंगे। इस दौरान जगह-जगह भाजपा कार्यकर्ता उन पर पुष्प वर्षा कर स्वागत करेंगे।

PM Modi Dehradun Visit Live: अभेद्य सुरक्षा, पहली बार राजधानी में होगा 12 किमी का रोड शो और पीएम की जनसभा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दून-दिल्ली इकोनॉमिक कॉरिडोर को आज जनता को समर्पित करेंगे। पीएम मोदी के स्वागत के लिए उत्तराखंड तैयार है। आज मंगलवार को प्रधानमंत्री 11,963 करोड़ से तैयार दून-दिल्ली इकोनॉमिक कॉरिडोर को जनता को समर्पित कर उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और दिल्ली को सौगात देंगे।

पहली बार राजधानी दून में 12 किमी का रोड शो करेंगे और फिर गढ़ी कैंट स्थित मैदान से जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान चप्पे-चप्पे पर कड़ी सुरक्षा रहेगी और बड़े स्तर पर वाहनों का रूट डायवर्ट रहेगा।

पीएम मोदी के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी रहेंगे
आज मंगलवार को सुबह करीब 10:30 बजे पीएम मोदी जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से हेलिकॉप्टर से वे सहारनपुर के गणेशपुर स्थित हेलीपैड पर 10:50 बजे पहुंचेंगे। 11:10 पर एलिवेटेड कॉरिडोर का व्यू प्वाइंट देखेंगे। यहां पर उनका स्वागत फूल बरसाकर किया जाएगा।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन होगा। इसके बाद एशिया के सबसे लंबे एलिवेटेड वाइल्डलाइफ कॉरिडोर से होते हुए सुबह 11:35 बजे पीएम मोदी कार से मां डाट काली मंदिर पहुंच जाएंगे। उनके साथ यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी रहेंगे। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी एक्सप्रेसवे से होते हुए गणेशपुर तक पहुंच सकते हैं।

By Mohd Nafees

संपादक – सच्चाई की जीत पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713 संपर्क – 9837427792 व्हाट्सप्प – 9837427792 ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *