मुंबई की तुलना पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) से करना कंगना रनौत को मंहगा पड़ता दिख रहा है। कंगना रनौत मुंबई के लिए रवाना हो चुकी हैं, मगर उससे पहले ही बीएमसी ने बांद्रा वेस्ट के पाली हिल रोड पर स्थित कंगना रनौत के दफ्तर के अवैध निर्माण को ध्वस्त करने पहुंच गई है। कंगना मुंबई के लिए रवाना हो चुकी हैं, मगर उनके पहुंचने से पहले ही उनके दफ्तर को तोड़ने के लिए बीएमसी की टीम पहुंच चुकी है। कंगना ने कुछ तस्वीरें साझा कर दावा किया है कि उनके ऑफिस पर हथौड़ा-बुलडोजर लेकर बीएमसी के लोग पहुंचे हैं। समाचार एजेंसी ने भी कुछ तस्वीरें जारी की हैं, जिसमें दिख रहा है कि कंगना के दफ्तर पर बीएमसी की जेसीबी चली है। बता दें कि बीएमसी ने जवाब देने के लिए कंगना को 24 घंटे का समय दिया था। 

बताया जा रहा है कि बीएमसी की टीम अभिनेत्री के घर के भीतर है। कंगना के दफ्तर के बाहर से जो तस्वीरें और वीडियो सामने आए हैं, उसमें बड़ी संख्या में बीएमसी के कर्मचारी और पुलिस वाले दिख रहे हैं। साथ ही बीएमसी की टीम दफ्तर पर जेसीबी चला रही है।

इस बीच कंगना रनौत ने बीएमसी की कार्रवाई के खिलाफ बॉम्बे हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। अपने दफ्तर पर बीएमसी की कार्रवााई के खिलाफ कंगना के वकील ने हाईकोर्ट में एक याचिका दायर की है, जिस पर 12.30 बजे सुनवाई होगी।

इससे पहले बीएमसी (ब्रिहनमुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन) ने कंगना के पाली हिल वाले ऑफिस को लेकर नोटिस जारी कर कहा कि ऑफिस के निर्माण में करीब 8-10 उल्लंघन किए गए हैं। बीएमसी इस बारे में 24 घंटे के अंदर उनसे जवाब चाहती है। अगर एक्ट्रेस जवाब नहीं देती हैं तो ऑफिस के उन हिस्सों पर बुलडोजर चलाया जाएगा।

कंगना ने अपने ट्विटर अकाउंट पर कुछ तस्वीरें शेयर की हैं, जिनमें उनके मुताबिक पुलिस और बीएमसी के लोग हथौड़ा और बुलडोजर के साथ दिख रहे हैं। इन तस्वीरों के साथ कंगना ने लिखा- बाबर और उसकी सेना। इसके साथ हैशटैग लगाया- #deathofdemocracy। 

कंगना रनौत का यह ऑफिस (मणिकर्णिका फिल्म्स प्राइवेट लिमिटेड) ग्राउंड फ्लोर के साथ दो फ्लोर ऊपर तक बना है। जब बीएमसी ने ऑफिस के निर्माण का ढांचा देखा तो पाया कि यह 1970 के रिकॉर्ड में शामिल है। बीएमसी का आरोप है कि ऑफिस के निर्माण के दौरान कई उल्लंघन किए गए हैं। कई जगहों को गलत तरीके से बढ़ाया गया है। 

मंगलवार को असिस्टेंट म्युनिसिपल कमिश्नर, एच वेस्ट वॉर्ड (बांद्रा, खार) विनायक विस्पुते ने कहा था, ‘बीएमसी विकास योजना विभाग के अंतर्गत साइट का निरीक्षण किया गया है। नोटिस में हम लोगों ने कई जगह ऑफिस के निर्माण का उल्लंघन होने की बात लिखी है और अब हम एक्ट्रेस के जवाब का इंतजार कर रहे हैं। जवाब के आधार पर ही आगे कोई भी कार्रवाई की जाएगी।’

By Mohd Nafees

संपादक – सच्चाई की जीत पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713 संपर्क – 9837427792 व्हाट्सप्प – 9837427792 ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com