काशीपुर दस हजार रूपये के ईनामी बदमाश को जसपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। एसपी अभय सिंह ने आज यहां अपने कार्यालय में पत्रकार वार्ता आयोजित कर बताया कि बीती 24 सितम्बर को मधु पुत्री स्व. पृथ्वी सिंह निवासी शिव नगर सुल्तानपुर पट्टी ने जसपुर कोतवाली में तहरीर देकर कहा कि सुबह करीब साढ़े दस बजे वह और उसकी बड़ी बहन पूनम सागर अपने दो बच्चों को सुल्तानपुर पट्टी से शेरेटन एकेडमी ब्लाॅक रोड जसपुर में पेपर दिलवाने के लिए आये थे। पेपर खत्म होने के बाद दोनों बहनें बच्चों को लेकर बाईक पर सवार होकर ज्यों ही ब्लाॅक रोड पर आये कि कलियांवाला की ओर से आते हरगोविन्द पुत्र तेजबहादुर निवासी ग्राम गांगूवाला जसपुर ने बाइक में टक्कर मारी दी। नीचे गिरने पर हरगोबिन्द ने गाड़ी से डंडा निकालकर पूनम पर वार करना शुरू कर दिया। डण्डा छीनने पर जेब से चाकू निकाल कर जान से मारने के इरादे से पूनम के सीने पर चाकू से प्रहार कर दिया। चाकू छीनने का प्रयास करने पर उसने मुझपर भी चाकू से हमला किया और पास खड़े पूनम के पुत्र रणधीर पर भी चाकू से वार किया। लोगों को आते देख हरगोबिन्द गालीगलौच करते हुए जान से मारने की धमकी देकर चला गया। तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की लेकिन वह हाथ नहीं आ सका। एसपी ने बताया कि गिरफ्तारी हेतु तमाम संभावित स्थानों पर दबिश देने के बाद उसके खिलाफ अदालत से गैर जमानती वारंट एवं 82 सीआरपीसी का उद्घोषणा पत्र प्राप्त किया गया था। अभियुक्त लगातार अपनी गिरफ्तारी से बच रहा था। इसलिये एसएसपी द्वारा उस पर दस हजार रूपये का ईनाम घोषित किया गया था। एसपी ने बताया कि एसएसपी द्वारा जनपद में वांछित व ईनामी अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु चलाये जा रहे अभियान के क्रम में पुलिस टीम ने अथक प्रयासों के बाद सर्विलांस के माध्यम से शुक्रवार सायं हरगोबिंद को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com
