बांग्लादेश की एक मस्जिद में लगी आग से अब तक 24 लोगों की मौत हो चुकी है. मरने वालों में एक 7 साल का बच्चा भी शामिल है. घटना में 20 लोग झुलस गए. इनका ढाका के शेख हसीना नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ बर्न एंड प्लास्टिक सर्जी सेंटर में इलाज चल रहा है. दरअसल बांग्लादेश की राजधानी ढाका के बाहरी इलाके की एक मस्जिद में लगे एयर कंडीशनर में शुक्रवार को धमाका हो गया. यहां एक के बाद एक 6 एयरकंडीशनर फट गए और पूरी मस्जिद में आग लग गई. जब मस्जिद में आग लगी तो यहां लोग नमाज पढ़ रहे थे.

अग्निशमन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि पाइपलाइन से लीक हुई गैस में एक हल्के से स्पार्क के बाद आग लग गई. इसके बाद मस्जिद के ग्राउंड फ्लोर में लगे सभी एसी में धमाका हो गया और मिनटों में ही मस्जिद के ग्राउंड फ्लोर में आग लग गई. 

नारायणगंज के फायर सर्विस के डिप्टी असिस्टेंट डायरेक्टर अब्दुल्लाह अल अरफिन ने बताया कि मस्जिद के नीचे एक गैस पाइपलाइन जाती है. हमें शक है कि पाइप से निकली गैस खिड़कियों के पीछे जमा हो गई और जब किसी ने पंखे या एसी को ऑन या ऑफ करने की कोशिश की तो धमाका हो गया. 

हाल में मस्जिद प्रबंधन ने पाइपलाइन से गैस लीकेज की शिकायत गैस कंपनी में दर्ज कराई थी. बांग्लादेश पुलिस इस मामले की जांच कर रही है. साथ ही गैस सप्लाई करने वाली कंपनी ने भी अलग जांच शुरू कर दी है. 

By Mohd Nafees

संपादक – सच्चाई की जीत पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713 संपर्क – 9837427792 व्हाट्सप्प – 9837427792 ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com