दिल्ली में पब और बार 9 सितंबर से खुलेंगे। दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल ने पब और बार को फिर से खोलने के दिल्ली सरकार के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
दिल्ली सरकार के सूत्रों ने गुरुवार को कहा कि एलजी से मंजूरी मिलने के बाद अब 9 सितंबर से राजधानी के होटल, रेस्तरां और क्लब पूर्व की तरह शराब परोस सकेंगे। इन सभी पब और बार संचालकों को केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का पालन करना होगा।
दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) ने दिल्ली में पब और बार परिचालन के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) भी जारी कर दी है। एसओपी के अनुसार, कंटेनमेंट जोन में स्थित बारों को बंद ही रखा जाएगा। इसके साथ ही केवल बिना लक्षणों वाले (एसिम्प्टोमैटिक) स्टाफ और ग्राहकों को ही प्रवेश की अनुमति होगी और स्वीकृत सीटों की क्षमता के 50% से अधिक लोगों को बार में आने की अनुमति नहीं होगी।
जानकारी के अनुसार, बुधवार को हुई दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) की बैठक के दौरान आम आदमी पार्टी (आप) सरकार ने उपराज्यपाल से राजधानी के पब और बार को भी फिर से खोलने मांग की थी, जिस पर एलजी ने आज अपनी सहमति जताते हुए इसे मंजूरी दे दी।
डीडीएमए की बैठक में अनलॉक 4 के दिशानिर्देशों के तहत राजधानी में मेट्रो सेवाओं को फिर से शुरू करने के लिए उपराज्यपाल अनिल बैजल द्वारा मंजूरी दे दी थी। डीडीएमए की बैठक में उपराज्यपाल अनिल बैजल के अलावा मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया, स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन, परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत और अन्य अधिकारी मौजूद थे।
बता दें कि, कोरोना वायरस के कारण दिल्ली की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रही है। सरकार ने अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए उद्योगों के साथ ही बाजारों, मॉल, रेस्टोरेंट्स को फिर खोलने जैसे कई कदम उठाए हैं।

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com
