टोक्यो ओलिंपिक के लिए क्वालिफाई कर चुके दीपक पूनिया समेत तीन भारतीय रेसलर का कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आया है। स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (साई) ने गुरुवार को इसकी पुष्टि की। सभी रेसलर हरियाणा के सोनीपत साई सेंटर में 1 सितंबर से शुरू हुए रेसलिंग के नेशनल कैंप में शामिल थे।
दीपक वर्ल्ड चैम्पियनशिप में सिल्वर मेडल जीत चुके हैं। उनके अलावा नवीन और कृष्णा भी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। रिपोर्ट के बाद सभी को क्वारैंटाइन कर दिया गया है।
‘नेशनल कैंप पर कोई खतरा नहीं, यह जारी रहेगा’
रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (डब्ल्यूएफआई) के सहायक सचिव विनोद तोमर ने न्यूज एजेंसी से कहा, ‘‘यह कैंप पूरी तैयारी और प्लान के साथ शुरू किया गया। इन सभी (तीनों रेसलर) का दो दिन बाद फिर से टेस्ट किया जाएगा। यदि रिपोर्ट निगेटिव आती है, तो उन्हें फिर से कैंप में शामिल किया जा सकेगा। कोरोना से नेशनल कैंप पर कोई खतरा नहीं है। यह जारी रहेगा। सभी रेसलर 14 दिन के क्वारैंटाइन के बाद फिर से ट्रेनिंग शुरू कर सकेंगे।’’
विनेश फोगाट और रेसलिंग कोच भी संक्रमित
हाल ही में इंटरनेशनल रेसलर विनेश फोगाट और कोच ओमप्रकाश दहिया कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। दोनों क्वारैंटाइन में हैं। विनेश को इस साल खेल रत्न और ओमप्रकाश को द्रोणाचार्य अवॉर्ड मिला है। दोनों को राष्ट्रपति द्वारा 29 अगस्त को खेल दिवस पर वर्चुअल कार्यक्रम में सम्मानित किया जाना था, लेकिन वे संक्रमण के कारण शामिल नहीं हुए थे।

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com
