दिल्ली में पुलिस लाख चौकसी के दावे करे, लेकिन अपराधी बेखौफ होकर एक के बाद एक आपराधिक वारदातों को अंजाम दे रहे हैं. दिल्ली में अब मामूली विवाद में 21 साल के युवक की चाकू मारकर हत्या कर दिए जाने की घटना सामने आई है. यह वारदात सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई है. यह वारदात दिल्ली के तिगड़ी इलाके की है.

पुलिस के मुताबिक सतीश नाम का युवक घर से बाहर दूध लेने गया था. तभी विक्की नाम के युवक से किसी बात को लेकर उसका झगड़ा हो गया. विक्की ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर सतीश पर हमला बोल दिया और चाकू गोदकर उसकी हत्या कर दी. आनन-फानन में सतीश को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई.

यह घटना 28 अक्टूबर की रात लगभग 10.30 बजे की बताई जा रही है. पुलिस ने एक आरोपी विक्की को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान विक्की ने यह बताया है कि सतीश ने उसके दोस्त पीयूष को कॉलोनी में आने पर टोका था. इस बात से गुस्सा होकर विक्की ने अपने दोस्त पीयूष और विवेक के साथ मिलकर सतीश की चाकू मारकर हत्या कर दी.

पुलिस अन्य दोनों आरोपियों की तलाश में जुटी है. गौरतलब है कि हाल ही में लाउडस्पीकर बजाने को लेकर हुए विवाद में एक युवक की हत्या हो गई थी. वहीं पिछले दिनों नॉर्थ वेस्ट दिल्ली के आदर्श नगर इलाके में राहुल नाम के युवक की पुलिस चौकी से चंद कदम की दूरी पर हत्या कर दी गई थी.

By Mohd Nafees

संपादक – सच्चाई की जीत पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713 संपर्क – 9837427792 व्हाट्सप्प – 9837427792 ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com