काशीपुर। पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रशांत कुमार ने सोमवार को आईटीआई कोतवाली का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर, महिला हेल्प डेस्क, कर्मचारी बैरक, भोजनालय, सीसीटीएनएस कार्यालय और मालखाने का बारीकी से निरीक्षण किया। थाने में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई।

निरीक्षण के दौरान सीओ ने पुलिसकर्मियों से शस्त्र खुलवाकर और जुड़वाकर उनकी कार्यकुशलता का परीक्षण किया। उन्होंने प्रभारी निरीक्षक को निर्देश दिए कि सभी पुलिसकर्मियों को समय-समय पर शस्त्र संचालन का अभ्यास कराया जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर वे पूरी दक्षता के साथ कार्य कर सकें।

अभिलेखों और ऑनलाइन कार्यों की समीक्षा

सीओ प्रशांत कुमार ने कोतवाली और सीसीटीएनएस कार्यालय के अभिलेखों का निरीक्षण करते हुए उन्हें अद्यतन रखने के निर्देश दिए। साथ ही ऑनलाइन पोर्टलों पर प्राप्त शिकायतों, चरित्र सत्यापन और अन्य प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। महिला हेल्प डेस्क और डायल 112 से संबंधित रजिस्टरों की समीक्षा करते हुए उन्होंने अभिलेखों को नियमित रूप से अपडेट रखने तथा आपातकालीन सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

बीट पुलिसिंग मजबूत करने पर जोर

निरीक्षण के दौरान सीओ ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रभावी बीट पुलिसिंग के लिए अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी क्षेत्र की गतिविधियों और समस्याओं की जानकारी रखें तथा आमजन की शिकायतों का प्राथमिकता से समाधान करें। इसके साथ ही अपराधों की रोकथाम के लिए निरोधात्मक कार्रवाई बढ़ाने पर भी जोर दिया।

महिला हेल्प डेस्क पर तैनात कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि वे थाने में आने वाले फरियादियों और आगंतुकों के साथ शालीनतापूर्वक व्यवहार करें तथा उनकी समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करें।

इस दौरान प्रभारी निरीक्षक मोहन चंद्र पांडे, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अरविंद बहुगुणा, चौकी पैगा प्रभारी उपनिरीक्षक विक्रम सिंह धामी, उपनिरीक्षक बसंत पंत, उपनिरीक्षक सुशील कुमार, अपर उपनिरीक्षक रविंद्र सिंह, अपर उपनिरीक्षक दीपक चौहान सहित कोतवाली का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।

By Mohd Nafees

संपादक – सच्चाई की जीत पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713 संपर्क – 9837427792 व्हाट्सप्प – 9837427792 ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *