मतीन अहमद सिद्दीकी, सोनम बगवाड़ी और नदीम अख्तर ने संगठन मजबूत करने पर दिया जोर, गठबंधन नहीं हुआ तो अपने दम पर मैदान में उतरेगी पार्टी
काशीपुर, 24 अक्टूबर। समाजवादी पार्टी के नवनियुक्त उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष मतीन अहमद सिद्दीकी, प्रदेश प्रभारी सोनम बगवाड़ी और राष्ट्रीय प्रवक्ता नदीम अख्तर के स्वागत में शनिवार को काशीपुर स्थित असमी पैलेस में स्वागत समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति, संगठन विस्तार और जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष मतीन अहमद सिद्दीकी ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को मजबूत बनाने और जनता की समस्याओं को लेकर संघर्ष करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी की मजबूती के लिए आपसी मतभेदों को दूर कर अनुशासन और एकता के साथ काम करना जरूरी है। उन्होंने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों से उत्तराखंड में समाजवादी पार्टी अपनी राजनीतिक स्थिति को मजबूत करेगी।
प्रदेश प्रभारी सोनम बगवाड़ी ने कहा कि समाजवादी पार्टी सामाजिक परिवर्तन, भाईचारे और जनहित की राजनीति के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पार्टी उत्तराखंड में तीसरे विकल्प के रूप में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने की तैयारी कर रही है। आगामी विधानसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन के तहत समझौता होने पर पार्टी सहयोगी दलों के साथ चुनाव लड़ेगी। यदि गठबंधन नहीं होता है, तो समाजवादी पार्टी अपने दम पर पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी।
राष्ट्रीय प्रवक्ता नदीम अख्तर ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी राजनीतिक संगठन की सफलता के लिए अनुशासन, एकजुटता और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी सभी वर्गों को साथ लेकर चलने, सामाजिक सद्भाव कायम रखने और आम जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ने में विश्वास रखती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए आवाज उठाने की अपील की।
नदीम अख्तर ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी आगामी चुनाव में मजबूती से अपनी दावेदारी पेश करेगी। इसी तरह उत्तराखंड में भी पार्टी पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ेगी और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी।
समारोह में अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी अपने विचार रखे। सभी ने संगठन को मजबूत बनाने, आपसी भाईचारा कायम रखने और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया।
ये रहे मौजूद: कार्यक्रम में समाजवादी छात्र सभा के प्रदेश अध्यक्ष ओशन सिंह, अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश अध्यक्ष बदरूल दूजा, जावेद अहमद सिद्दीकी, डॉ. एस. रावत, रुद्रपुर के समाजवादी नेता सागर, हनीफ गांधी, दानिश चौधरी, नौशाद सिद्दीकी, शादाब अहमद, नगीना के किसान-मजदूर नेता शमशाद, राशिद सैफी, सुरेंद्र सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com
