दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल बनाने पर सैलजा का हमला, बोलीं-उत्तराखंड की जनता के मुंह पर तमाचा कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी सैलजा ने दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल बनाए जाने के फैसले पर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। हरिद्वार रोड स्थित एक होटल में मीडिया से वार्ता में उन्होंने कहा, इस निर्णय से राज्य की जनता में निराशा और रोष है। उन्होंने इसे उत्तराखंड की जनता के मुंह पर तमाचा करार देते हुए कहा कि कांग्रेस इसके विरोध में प्रदेशभर में आंदोलन करेगी।

शैलजा ने कहा, राज्य में अंकिता भंडारी हत्याकांड, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, पेपर लीक, भूमि माफिया, खनन और पलायन जैसे गंभीर मुद्दे लगातार बने हुए हैं, लेकिन सरकार इनका समाधान करने में विफल रही है। अंकिता भंडारी हत्याकांड का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, जब तक पीड़ित परिवार को पूर्ण न्याय नहीं मिलता, कांग्रेस अपना संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने मामले में सबूतों से कथित छेड़छाड़ और वीआईपी का नाम सामने आने के बावजूद कार्रवाई न होने पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, जांच हुए बिना दुष्यंत गौतम को क्लीन चिट देते हुए उनकी राज्यपाल के पद पर ताजपोशी, एक बहन और बेटी का है अपमान है।

बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भी उठाए सवाल 
कांग्रेस प्रभारी ने बदरीनाथ मंदिर में चढ़ावे से जुड़े कथित अनियमितता प्रकरण पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, भाजपा धर्म और आस्था के नाम पर राजनीति करती है। उन्होंने प्रदेश में महिला सुरक्षा को लेकर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा, मंत्री के साथ ऐसा हो रहा है तो क्या महिलाएं सुरक्षित हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यह केवल घरेलू हिंसा का मामला नहीं है। उन्होंने कहा, गांवों से लगातार पलायन हो रहा है और कई गांव घोस्ट विलेज में तब्दील हो रहे हैं। बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भी उन्होंने सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने चुनाव आयोग की कार्यशैली और मुख्य चुनाव आयुक्त के फैसलों को लेकर भी कांग्रेस की आपत्ति दोहराई। उन्होंने कहा, इन मुद्दों को पार्टी राष्ट्रीय स्तर पर भी उठा रही है। कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ आंदोलन का कार्यक्रम घोषित करते हुए बताया कि 22 से 25 अक्तूबर तक न्याय यात्रा, 27 अक्तूबर को विधानसभा घेराव, एक नवंबर को दिल्ली में विशाल रैली और चार नवंबर को प्रदेशभर में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। मीडिया से वार्ता के दौरान प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य,विधायक प्रीतम सिंह, चुनाव प्रबंध समिति के अध्यक्ष डॉ.हरक सिंह रावत, भूवन कापड़ी, ज्योति रौतेला, सुजाता पॉल, धीरेंद्र प्रताप, नवीन जोशी आदि मौजूद रहे।

By Mohd Nafees

संपादक – सच्चाई की जीत पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713 संपर्क – 9837427792 व्हाट्सप्प – 9837427792 ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *