काशीपुर। काशीपुर विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। विधायक त्रिलोक सिंह चीमा के प्रयासों से ग्राम सभा मानपुर और शिवलालपुर अमर झंडा स्थित दो विद्यालयों के उच्चीकरण को मंजूरी मिल गई है। इस फैसले से क्षेत्र के विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई के लिए बेहतर शैक्षिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
विद्यालयों के उच्चीकरण की स्वीकृति मिलने पर विधायक त्रिलोक सिंह चीमा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यालयों का उच्चीकरण होने से स्थानीय विद्यार्थियों, खासकर छात्राओं को आगे की पढ़ाई के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में नहीं जाना पड़ेगा। इससे शिक्षा के प्रति उनकी निरंतरता बनी रहेगी और बीच में पढ़ाई छोड़ने की समस्या को कम करने में भी मदद मिलेगी।
विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में सुधार और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार काम कर रही है। काशीपुर विधानसभा क्षेत्र में भी शिक्षा, सड़क और अन्य जनसुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर विकसित किया जा रहा है।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख चंद्रप्रभा, खंड शिक्षा अधिकारी डीके साहू, माध्यमिक शिक्षा के अध्यक्ष दीपक शर्मा, प्रधानाचार्य चंद्रशेखर चौहान, ग्राम प्रधान अंकुर, गुलरिया के ग्राम प्रधान मोहम्मद इसराइल, बांसखेड़ा खुर्द की ग्राम प्रधान फराह सिंह, मंडल महामंत्री बबलू सैनी और सतविंदर सिंह समेत शिक्षक, विद्यालय परिवार के सदस्य और क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
विधायक त्रिलोक सिंह चीमा ने दोनों विद्यालयों के विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों और क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षा सुविधाओं का विस्तार बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत करेगा। उन्होंने इसे विकसित काशीपुर की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com
