काशीपुर। दीपावली पर्व को देखते हुए काशीपुर के बाजारों में बढ़ती भीड़ और जाम की स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस सक्रिय नजर आ रही है। शुक्रवार शाम बाजार में जाम की समस्या को देखते हुए पुलिस ने दुकानदारों को अपनी दुकानें निर्धारित स्थान के भीतर लगाने की हिदायत दी। पुलिस ने दुकानदारों को समझाया कि वे अपनी दुकानों का सामान और दुकानें सड़क व फुटपाथ पर बाहर तक न फैलाएं, ताकि बाजार में खरीदारी करने आने वाले लोगों के साथ-साथ पैदल चलने वालों को भी आवागमन में परेशानी न हो। त्योहार के दौरान बाजार में भीड़ बढ़ने के कारण सड़क पर अतिक्रमण होने से जाम की स्थिति पैदा हो जाती है। पुलिस की कार्रवाई को देखते ही सड़क के बाहर दुकानें लगाने वाले कई दुकानदारों ने अपना सामान तुरंत अंदर समेट लिया। हालांकि, अब देखने वाली बात यह होगी कि पुलिस के जाने के बाद दुकानदार इन निर्देशों का कितनी देर तक पालन करते हैं और बाजार में व्यवस्था कितने समय तक बनी रहती है। दीपावली के मद्देनजर बाजार में यातायात व्यवस्था बनाए रखना पुलिस और व्यापारियों, दोनों के लिए चुनौती है। ऐसे में जरूरी है कि दुकानदार नियमों का पालन करें और आमजन को बाजार में सुरक्षित व सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com
