काशीपुर। नगर के बाजपुर रोड स्थित द गोविशन हेरिटेज, गौराया मिल में आयोजित द्वितीय श्रीमद्भागवत कथा के चतुर्थ दिवस श्रद्धालुओं ने भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण में कथा का श्रवण किया। कथा व्यास परम पूज्य श्री रविनंदन शास्त्री जी महाराज के मुखारविंद से श्रद्धालुओं को भागवत कथा का रसपान कराया जा रहा है। कथा के चतुर्थ दिवस राजा अम्बरीष चरित्र, भगवान श्रीराम तथा भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का प्रसंग सुनाया गया। इस दौरान भगवान वामन एवं राजा बलि की कथा का भी विस्तार से वर्णन किया गया। कथा व्यास ने बताया कि भगवान विष्णु ने वामन रूप में अवतार लेकर राजा बलि से तीन पग भूमि मांगी और अपनी लीला के माध्यम से धर्म एवं भक्ति का संदेश दिया।
कथा के दौरान श्रीराम एवं श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के प्रसंग पर श्रद्धालु भक्ति में भाव-विभोर नजर आए। परिसर में जयकारों और भजनों से वातावरण भक्तिमय हो गया। इस अवसर पर उत्तराखंड के प्रसिद्ध उद्योगपति एवं समाजसेवी श्री योगेश जिंदल तथा हिन्द मजदूर सभा उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष एवं अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के मुख्य संरक्षक श्री वेद प्रकाश विद्यार्थी भी उपस्थित रहे। श्री वेद प्रकाश विद्यार्थी ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। आयोजकों ने बताया कि श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन 4 अक्टूबर से 10 अक्टूबर तक प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से सायं 7 बजे तक किया जा रहा है। कथा का आयोजन श्री राधा नाम परम सुखदायी सेवा समिति, काशीपुर के तत्वावधान में किया जा रहा है। 10 अक्टूबर को दोपहर 1 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण करने और भंडारे का प्रसाद ग्रहण करने की अपील की है।

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com
