काशीपुर। महापौर दीपक बाली ने मंगलवार सुबह लक्ष्मीपुर माइनर प्रोजेक्ट का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने सिंचाई विभाग, यूपीसीएल, नगर निगम तथा निर्माण संस्था के अधिकारियों और इंजीनियरों के साथ मौके पर पहुंचकर कार्य में आ रही तकनीकी एवं स्थानीय बाधाओं पर चर्चा की और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक समन्वय के निर्देश दिए।महापौर ने बताया कि लक्ष्मीपुर माइनर का लगभग आधा निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, जबकि शेष हिस्से में काम होना बाकी है। निर्माण संस्था की ओर से बिजली के पोल, ट्रांसफार्मर सहित कुछ अन्य तकनीकी समस्याओं की जानकारी दी गई थी। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी में इन बाधाओं के समाधान पर सहमति बनी। महापौर ने कहा कि अब उम्मीद है कि एक-दो दिन में शेष हिस्से में भी निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।उन्होंने कहा कि वर्षा ऋतु के कारण कई विकास कार्य प्रभावित हुए थे, लेकिन अब बारिश का मौसम समाप्त होने के बाद विकास कार्यों को फिर से गति दी जा रही है। कार्य के दौरान आने वाली किसी भी बाधा का संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर समाधान कराया जाएगा और जरूरत पड़ने पर वह स्वयं भी मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करेंगे।महापौर ने कहा कि लक्ष्मीपुर माइनर को कवर किए जाने के बाद इसके ऊपर यातायात व्यवस्था विकसित किए जाने की संभावना है, जिससे शहर को महत्वपूर्ण लाभ मिल सकता है। उन्होंने इसे शहर के लिए महत्वपूर्ण विकास परियोजना बताते हुए कहा कि इसके पूरा होने से आसपास के लोगों सहित आम जनता को बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है।स्थायी निर्माण को नुकसान पहुंचाने का उद्देश्य नहींनहर के ऊपर बने मकानों और अस्थायी निर्माण को लेकर महापौर ने स्पष्ट किया कि किसी भी व्यक्ति के स्थायी निर्माण को नुकसान पहुंचाने का उद्देश्य नहीं है। उन्होंने बताया कि कई स्थानों पर लोगों ने अस्थायी रूप से जाल, लोहे की सीढ़ियां अथवा अन्य सामान लगाकर नहर को ढका हुआ है। ऐसे लोगों से स्वयं अस्थायी निर्माण हटाने का अनुरोध किया गया है।महापौर ने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान अस्थायी अतिक्रमण हटाया जाएगा, लेकिन किसी के स्थायी निर्माण को तोड़ने की कार्रवाई नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि न्यायालय के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए कार्य कराया जाएगा और प्रयास रहेगा कि किसी व्यक्ति को अनावश्यक नुकसान न हो।एसटीपी से होकर जा रहा गंदा पानीलक्ष्मीपुर माइनर में गंदगी और इसके ढेला नदी से जुड़ने को लेकर पूछे गए सवाल पर महापौर ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में गंदे पानी को सीधे ढेला नदी में जाने से रोकने के लिए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि शहर में 35 एमएलडी क्षमता के चार एसटीपी प्लांट संचालित हैं और गंदा पानी एसटीपी के माध्यम से आगे जा रहा है।महापौर ने कहा कि वह स्वयं तथा नगर आयुक्त समय-समय पर एसटीपी का निरीक्षण करते हैं। वहीं लक्ष्मीपुर माइनर में मौजूद गंदगी की सफाई और उसके बेहतर प्रबंधन की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।महापौर ने आसपास रहने वाले लोगों से निर्माण कार्य में सहयोग और धैर्य बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि आबादी वाले क्षेत्र में निर्माण होने के कारण स्थानीय लोगों, निर्माण संस्था और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों और पार्षदों ने भी परियोजना को जल्द पूरा कराने में सहयोग का आश्वासन दिया।इस दौरान नगर आयुक्त रविंद्र बिष्ट, शशांक गहतोड़ी, एक्सईएन सिंचाई ए.के. गुप्ता, एक्सईएन यूपीसीएल अजित कुमार, पूर्व चेयरमैन शमसुद्दीन, एसडीओ यूपीसीएल महक मिश्रा, एई सिंचाई केशव सिंह, जेई राजू, पार्षद अब्दुल कादिर, जिला प्रकोष्ठ संयोजक मुकेश चावला, नामित पार्षद दुर्गेश गुप्ता, सुमित प्रजापति, एडवोकेट अशरफ सैफी, पिंटू सैनी सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

By Mohd Nafees

संपादक – सच्चाई की जीत पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713 संपर्क – 9837427792 व्हाट्सप्प – 9837427792 ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *