• आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 9 में धात्री महिलाओं को महालक्ष्मी किट वितरित

रुद्रपुर। 9वें राष्ट्रीय पोषण पखवाड़े के तहत विवेक नगर ट्रांजिट कैंप क्षेत्र के वार्ड 2 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 9 में कार्यक्रम आयोजित कर 17 धात्री महिलाओं को महालक्ष्मी किट का वितरण किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि 20 सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के राज्यमंत्री एवं पूर्व मेयर रामपाल सिंह रहे। उन्होंने लाभार्थी महिलाओं को महालक्ष्मी किट प्रदान करते हुए मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से जुड़ी सरकारी योजनाओं की जानकारी भी साझा की।

इस अवसर पर राज्यमंत्री रामपाल सिंह ने कहा कि स्वस्थ मां और स्वस्थ शिशु ही स्वस्थ समाज की मजबूत नींव होते हैं। गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के पोषण, स्वास्थ्य और देखभाल को लेकर सरकार लगातार विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है। महालक्ष्मी किट योजना भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य प्रसव के बाद माताओं और नवजात शिशुओं को आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य और पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण से जुड़ी योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां घर-घर संपर्क कर गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और छोटे बच्चों को उचित पोषण, नियमित टीकाकरण, स्वास्थ्य परीक्षण एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक कर रही हैं। उन्होंने लाभार्थी महिलाओं से भी अपील की कि वे अपने स्वास्थ्य के साथ-साथ नवजात शिशुओं के पोषण का विशेष ध्यान रखें और समय-समय पर आंगनबाड़ी केंद्र तथा स्वास्थ्य विभाग की सेवाओं का लाभ लें।

रामपाल सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय पोषण पखवाड़े का उद्देश्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि समाज में पोषण को लेकर व्यापक जनजागरूकता पैदा करना है। कुपोषण को समाप्त करने के लिए सरकारी प्रयासों के साथ परिवार और समाज की भागीदारी भी बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को संतुलित आहार, आयरन, कैल्शियम एवं अन्य जरूरी पोषक तत्वों के सेवन के प्रति सजग रहना चाहिए, क्योंकि मां का बेहतर स्वास्थ्य सीधे तौर पर बच्चे के विकास से जुड़ा होता है।

आंगनबाड़ी कार्यकत्री प्रोनोति विश्वास ने बताया कि पोषण पखवाड़े के अंतर्गत महिलाओं और बच्चों को पोषण, स्वच्छता, स्तनपान, टीकाकरण एवं नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व के बारे में जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि धात्री महिलाओं को बच्चे के जन्म के बाद अपने खानपान पर विशेष ध्यान देना चाहिए। मां का दूध नवजात शिशु के लिए संपूर्ण आहार है और जन्म के शुरुआती महीनों में स्तनपान बच्चे की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र के माध्यम से समय-समय पर महिलाओं और बच्चों के वजन एवं स्वास्थ्य की निगरानी करने के साथ सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाया जाता है। उन्होंने महिलाओं से पोषण संबंधी सलाह का पालन करने और बच्चों की नियमित जांच तथा टीकाकरण सुनिश्चित कराने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान लाभार्थी महिलाओं ने महालक्ष्मी किट मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की। इस अवसर पर पार्षद राजेन्द्र राठौर, भुवन गुप्ता,सहायिका चम्पा सरकार सहित अन्य लोग मौजूद रहे। महालक्ष्मी किट प्राप्त करने वाली महिलाओं में । रोशनी, लाली, सुनीता,सरला, दिव्वांशी,राजकुमारी,दीप्ति, सुमन, कुसुम, प्रिया पाल, आरती, रोशनी देवी, शिवानी, पूजा, अमन, विमलेश, राजकुमारी, रेखा, दिव्यांशी और मंजू आदि शामिल रहीं।

By Mohd Nafees

संपादक – सच्चाई की जीत पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713 संपर्क – 9837427792 व्हाट्सप्प – 9837427792 ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *