
चंपावत। जिले के पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सामने आई है। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर चंपावत में ईसीएचएस (Ex-Servicemen Contributory Health Scheme) पॉलीक्लिनिक स्थापित करने के प्रस्ताव पर उचित विचार किए जाने की जानकारी दी है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूर्व में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से चंपावत में ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक स्थापित करने का अनुरोध किया था। इसके जवाब में रक्षा मंत्री ने बताया कि ईसीएचएस के केंद्रीय संगठन को चंपावत में पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को पूरा करने के लिए ‘टाइप-डी’ पॉलीक्लिनिक स्थापित करने का प्रस्ताव प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रस्ताव पर उचित स्तर पर विचार किया जाएगा।
चंपावत समेत सीमांत क्षेत्रों में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक और उनके परिवार रहते हैं। ऐसे में जिले में ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक स्थापित होने से उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में जाने की आवश्यकता कम होगी और स्थानीय स्तर पर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
रक्षा मंत्रालय की ओर से प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख सामने आने के बाद चंपावत के पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों में बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com
