
ढंडेरा में बाइक सवार बदमाशों ने शराब कैंटीन संचालक की गोली मारकर हत्या कर दी। उनका साथी गोली लगने से घायल हो गया। रुड़की में कैंटीन संचालक अमन पर बदमाश मौत की तस्दीक होने तक गोलियां बरसाते रहे। सुनियोजित तरीके से रेकी करने के बाद घटना का स्थान और समय चुना गया। पुलिस के अनुसार जिस तरह से अमन को गोलियों से निशाना बनाया गया उससे लगता है अपराधी पेशेवर हैं। पूछताछ में जिन आरोपियों के नाम सामने आ रहे हैं उनकी धरपकड़ के साथ आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं, पुलिस प्रथम दृष्टया घटना को प्रेम-प्रसंग से जोड़कर देख रही है। कुछ युवकों को हिरासत में लिया गया है।
वारदात को अंजाम देने के लिए हमलावरों ने पांच से ज्यादा गोलियां चलाईं। हाथ, कूल्हे, पेट में गोली लगने के बाद हमलावरों ने अमन के सिर में गोली मारी थी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। 315 बोर की गोलियों का इस्तेमाल वारदात को अंजाम देने के लिए गया। जहां अमन की मौत हुई वह गली भी बंद है। आखिर में एक मकान बन रहा है। घटनास्थल पर तकरीबन पांच घर हैं और गली ज्यादा बड़ी नहीं है। परिवार के मुताबिक वारदात पूरी तरह सुनियोजित थी। उनका आरोप है कि रेकी के बाद अमन की हत्या की साजिश रची गई थी। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि मुख्य आरोपी के साथ तीन-चार अन्य युवक भी घटना में शामिल थे। जो इनपुट मिले हैं उनके हिसाब से अपराधियों के रिकार्ड की भी खंगाले जा रहे हैं।
पीड़ित परिवार ने की हत्यारोपी के एनकाउंटर की मांग
रुड़की कोतवाली में घेराव करने के बाद बड़ी संख्या में लोग सिविल अस्पताल की मोर्चरी पहुंचे। वहां आज समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महक सिंह और भीम आर्मी के रुड़की तहसील अध्यक्ष देवेंद्र सिंघानिया आदि ने मांग की कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हत्यारोपियों का एनकाउंटर किया जाए।
एक ही रास्ते पर हैं पीड़ित और हत्यारोपी के घर
सूत्रों के अनुसार पूरी वारदात तकरीबन 800 मीटर के दायरे में हुई है। पीड़ित परिवार और हत्यारोपियों के मकान भी एक ही रास्ते पर हैं। आंबेडकर मार्ग पर भी दिनभर चहल-पहल बेहद कम रही। घर के बाहर भी कई लोग कुर्सियां डालकर बैठे रहे। खबर लिखे जाने तक शव घर नहीं पहुंचा था। बताया जा रहा है कि रुड़की में 2023 में हुए एक हत्याकांड में शामिल एक आरोपी इस वारदात में भी शामिल है।

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com
