
मुरादाबाद। सावन माह के अंतिम शनिवार और सोमवार को कांवड़ियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए मुरादाबाद पुलिस-प्रशासन ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। कांवड़ यात्रा के दौरान दुर्घटनाओं और किसी भी तरह की अव्यवस्था से बचने के लिए प्रमुख मार्गों पर भारी वाहनों के संचालन पर दो दिनों के लिए प्रतिबंध लगाया गया है।
भीड़ को देखते हुए जिलाधिकारी ने जनपद के प्राथमिक से लेकर उच्च शिक्षा, तकनीकी, व्यावसायिक और चिकित्सा शिक्षा से जुड़े शिक्षण संस्थानों में अवकाश घोषित किया है। हालांकि, बोर्ड, विश्वविद्यालय या आयोग की ओर से पहले से निर्धारित परीक्षाएं अपने तय कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित होंगी।
दिल्ली हाईवे पर भारी वाहनों की नो एंट्री
सावन के अंतिम सोमवार को कांवड़ियों की बड़ी संख्या में आवाजाही की संभावना है। इसे देखते हुए दिल्ली हाईवे पर भारी वाहनों का संचालन बंद रहेगा, जबकि कांठ रोड पर वन-वे व्यवस्था लागू की जाएगी।
एसपी यातायात सुभाष चंद्र गंगवार के अनुसार, हरिद्वार और ब्रजघाट से गंगाजल लेकर कांवड़ियों के जत्थे वापस लौट रहे हैं। ऐसे में दिल्ली हाईवे पर यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना को देखते हुए रूट डायवर्जन किया गया है।
इन मार्गों से गुजरेंगे वाहन
- शाहजहांपुर से दिल्ली जाने वाले भारी वाहन बदायूं, बबराला, नरौरा, बुलंदशहर और हापुड़ होकर दिल्ली जाएंगे। वापसी भी इसी मार्ग से होगी।
- मुरादाबाद से दिल्ली जाने वाले भारी वाहन संभल, बबराला, नरौरा, बुलंदशहर और हापुड़ के रास्ते भेजे जाएंगे।
- बरेली और रामपुर से दिल्ली जाने वाले भारी वाहन बिलारी, सिरसी, संभल, चौधरी सराय और गंगा एक्सप्रेस-वे के रास्ते आगे जाएंगे।
- मुरादाबाद से मेरठ और दिल्ली जाने वाले वाहन गांगन तिराहा, मनोटा, सिरसी, संभल, बबराला, नरौरा, डिबाई, बुलंदशहर और हापुड़ होकर जाएंगे।
- दिल्ली-गाजियाबाद से रामपुर, बरेली और लखनऊ जाने वाले भारी वाहन हापुड़, सिंभावली, डिबाई, नरौरा और बदायूं होकर आगे बढ़ेंगे।
- बिजनौर और हरिद्वार की ओर जाने वाले भारी वाहन काशीपुर तिराहा, ठाकुरद्वारा, जसपुर, अफजलगढ़ और धामपुर के रास्ते भेजे जाएंगे।
कांवड़ियों की संख्या अधिक बढ़ने की स्थिति में कुछ मार्गों पर हल्के वाहनों को भी डायवर्ट किया जा सकता है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्जन मार्गों का ही प्रयोग करें और कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात नियमों का पालन करें।

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com
