
न्याय पंचायत स्तर की स्थानीय जनप्रतिनिधि खेलकूद प्रतियोगिताएं 1 से 10 सितंबर 2026 तक आयोजित होंगी। युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत आयोजित होने वाले “खेल महाकुंभ-2026 मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी” की रूपरेखा निर्धारित कर दी है। खेल महाकुंभ का आयोजन न्याय पंचायत, विधानसभा क्षेत्र, संसदीय क्षेत्र और राज्य स्तर पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से किया जाएगा।
न्याय पंचायत स्तर की स्थानीय जनप्रतिनिधि खेलकूद प्रतियोगिताएं 1 से 10 सितंबर 2026 तक आयोजित होंगी। इसके बाद 11 से 20 सितंबर तक विधानसभा स्तर पर विधायक चैम्पियनशिप ट्रॉफी प्रतियोगिताएं तथा 21 से 30 सितंबर तक संसदीय क्षेत्र स्तर पर सांसद चैम्पियनशिप ट्रॉफी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। राज्य स्तर की मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी प्रतियोगिताएं 10 सितम्बर से 30 अक्तूबर 2026 तक होंगी। न्याय पंचायत स्तर पर अंडर-14 और अंडर-19 बालक-बालिका वर्ग में कबड्डी, एथलेटिक्स, खो-खो और मुर्गा झपट जैसी प्रतियोगिताएं होंगी। विधानसभा स्तर पर वॉलीबाल और पिट्टू की प्रतियोगिताएं सीधे आयोजित की जाएंगी, जबकि कुछ प्रतियोगिताओं में न्याय पंचायत स्तर से चयनित खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। संसदीय क्षेत्र स्तर पर मलखम्ब, रस्साकसी, गोली (कंचा), फुटबॉल और बैडमिंटन की प्रतियोगिताएं सीधे आयोजित होंगी। इसके साथ ही विधानसभा स्तर से चयनित खिलाड़ियों को भी विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा। राज्य स्तर पर जूडो, बॉक्सिंग, टेबल टेनिस, ताइक्वांडो, कराटे, बास्केटबॉल, हॉकी, हैंडबॉल, योगासन, तैराकी, तीरंदाजी, फेंसिंग, कुश्ती, पेंचक सिलाट, पावर लिफ्टिंग, वेट लिफ्टिंग, बेसबॉल और लॉन टेनिस सहित अनेक खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें कुछ प्रतियोगिताएं सीधे तथा कुछ विधानसभा स्तर से चयन के आधार पर होंगी। महिला ओपन वर्ग और दिव्यांगजन महिला एवं पुरुष ओपन वर्ग के लिए भी विभिन्न प्रतियोगिताएं निर्धारित की गई हैं।
इस संबंध में निदेशक, युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल, उत्तराखंड दीप्ति सिंह ने विस्तृत कार्ययोजना जारी की है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों से खेल महाकुम्भ के सफल आयोजन में सहयोग की अपेक्षा की है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि खेल महाकुम्भ का उद्देश्य प्रदेश के युवाओं में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना, ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों की प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराना और खिलाड़ियों को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने का अवसर प्रदान करना है।

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com
