
अहमदाबाद। गुजरात के अहमदाबाद में बारिश के बाद बार-बार सामने आ रही जलभराव की समस्या को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, अहमदाबाद के महापौर और नगर निगम आयुक्त को पत्र लिखकर जलभराव की समस्या का स्थायी एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
अहमदाबाद के बोपाल, अंबली, घुमा और शेला जैसे नए शहरी क्षेत्रों में भारी बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति लगातार सामने आती रही है। हालिया बारिश में करीब 18 इंच वर्षा होने के बाद इन इलाकों में कई स्थानों पर पानी भर गया, जिससे आम लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी।
वर्ष 2021 में इन क्षेत्रों को अहमदाबाद नगर निगम की सीमा में शामिल किया गया था। तेजी से बढ़ते शहरी विस्तार के बावजूद जल निकासी की पर्याप्त व्यवस्था विकसित नहीं हो सकी, जिसके कारण तेज बारिश के दौरान समस्या गंभीर हो जाती है।
अमित शाह के निर्देश के बाद नगर निगम ने प्रभावित क्षेत्रों का हाइड्रोलॉजिकल सर्वे कराया है। इसके आधार पर क्षेत्रवार वर्षाजल निकासी का मास्टर प्लान तैयार किया गया है। योजना के तहत जरूरत वाले इलाकों में नया स्टॉर्म वॉटर ड्रेनेज नेटवर्क विकसित किया जाएगा, ताकि भविष्य में भारी बारिश के दौरान जलभराव की समस्या को प्रभावी ढंग से रोका जा सके।

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com
