
देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी राज्य की नई पीढ़ी से सीधे संवाद कर प्रदेश के भविष्य की विकास योजनाओं को नई दिशा देने की पहल करने जा रहे हैं। इसके तहत ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ कार्यक्रम का शुभारंभ 10 अगस्त से किया जाएगा। कार्यक्रम के माध्यम से प्रदेश के 2,800 से अधिक विद्यालयों में अध्ययनरत कक्षा 11वीं और 12वीं के तीन लाख से अधिक विद्यार्थी ऑनलाइन माध्यम से मुख्यमंत्री के साथ अपने विचार और सुझाव साझा करेंगे।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य उत्तराखंड के विकास में युवाओं की भागीदारी को बढ़ावा देना और उनकी सोच एवं सुझावों को भविष्य की नीतियों से जोड़ना है। खास बात यह है कि इस कार्यक्रम में शामिल होने वाले अधिकांश विद्यार्थी उत्तराखंड राज्य गठन के बाद जन्मे हैं। यही युवा आने वाले समय में प्रदेश की विकास यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों से हिंदी और अंग्रेजी भाषा में विभिन्न विषयों पर सुझाव आमंत्रित किए जाएंगे। इनमें पर्यटन विकास, रोजगार के अवसर, वन एवं पर्यावरण संरक्षण, आधुनिक शिक्षा, महिलाओं की भूमिका, सड़क एवं कनेक्टिविटी, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य तथा तकनीकी विकास जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं। विद्यार्थी अपने विद्यालयों के माध्यम से ऑनलाइन अपनी प्रविष्टियां जमा कर सकेंगे। प्रविष्टियां भेजने की अंतिम तिथि 24 अगस्त निर्धारित की गई है। सफलतापूर्वक प्रविष्टि जमा करने वाले प्रत्येक विद्यार्थी को डिजिटल प्रमाणपत्र भी प्रदान किया जाएगा।
अभियान के तहत प्राप्त होने वाले सुझावों में से करीब 150 उत्कृष्ट प्रविष्टियों का चयन विशेषज्ञों की टीम द्वारा किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ सीधे संवाद का अवसर मिलेगा। इस दौरान मुख्यमंत्री विद्यार्थियों के विचारों और सुझावों पर विस्तार से चर्चा करेंगे। मंथन सत्र में संबंधित विभागों के सचिव भी मौजूद रहेंगे। विद्यार्थियों द्वारा दिए गए उपयोगी सुझावों को प्रदेश की नीतियों और विकास योजनाओं में शामिल करने की संभावनाओं पर भी विचार किया जाएगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उनकी सरकार संवाद की संस्कृति को हमेशा प्राथमिकता देती रही है। सरकार का प्रयास है कि राज्य गठन के बाद जन्मी नई पीढ़ी की सोच, आकांक्षाओं और अपेक्षाओं को समझा जाए तथा उन्हें उत्तराखंड के विकास से जोड़ा जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समय तेजी से बदल रहा है और नई पीढ़ी की सोच एवं तकनीक के प्रति उसका नजरिया भी बदल रहा है। नई सोच, नवाचार और आधुनिक तकनीक को साथ लेकर ही उत्तराखंड देश और दुनिया के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ सकता है। ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ इसी दिशा में युवाओं को विकास की प्रक्रिया से जोड़ने की महत्वपूर्ण पहल है।

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com
