
देहरादून। लोक निर्माण विभाग ने नंदा की चौकी के पास पुल की एप्रोच रोड धंसने के मामले में पुल का निर्माण करने वाली कंपनी मैसर्स हिमालयन कंस्ट्रक्शन पर कार्रवाई की है। प्रमुख अभियंता ने कंपनी का पंजीकरण निलंबित कर दिया है। अग्रिम आदेशों तक राज्य में निविदा प्रक्रिया में भाग लेने पर भी रोक लगा दी है। हिमालयन कंस्ट्रक्शन ने पुल निर्माण का काम जनवरी-2026 से शुरू किया था। पुल निर्माण के बाद 28 जुलाई को पुल की एप्रोस रोड धंस गई। प्रकरण में मुख्य अभियंता को जांच सौंपी गई थी। जांच रिपोर्ट के बाद शासन ने ईई, एई और जेई को निलंबित किया है। अब लोनिवि ने पुल निर्माण करने वाली कंपनी पर कार्रवाई की है। प्रमुख अभियंता राजेश चंद्र शर्मा के जारी आदेश में कहा गया है कि प्रारंभिक जांच में एप्रोच रोड क्षतिग्रस्त होने का कारण भारी कटाव है। यह कटाव किस गहराई तक हुआ है, इसका आकलन नहीं हो सका है। इसकी जांच के लिए ईआरटी जांच कराए जाने की जरूरत है। इसकी गहराई की जांच आदि होने तक कंपनी का पंजीकरण निलंबित करने के साथ निविदा प्रक्रिया में शामिल होने पर रोक लगाई जाती है। अधिकारियों के अनुसार ईआरटी जांच के माध्यम से कहां तक कटाव हुआ? वहां जो कार्य हुआ था, वह कैसा था समेत अन्य पहलू को देखा जाएगा।

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com
