हरिद्वार में शिवभक्तों का हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। आसमान से बरसते फूलों के बीच श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव के जयघोष के साथ इस पल का स्वागत किया।  हरिद्वार में कांवड़ यात्रियों पर हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यहां शिवभक्त कांवड़ियों का विशेष स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने कांवड़ियों के पैर धोकर उनका सम्मान किया। पूरे मार्ग पर भक्ति का माहौल देखने को मिला। आने वाले दिनों में कांवड़ यात्रा और रफ्तार पकड़ेगी। इधर, कांवड़ मेले के सबसे बड़े पड़ावों में शामिल बैरागी कैंप भी अब डाक कांवड़ यात्रियों की आमद के लिए पूरी तरह तैयार है। पंचक समाप्त होने के बाद डाक कांवड़ियों के बड़े जत्थे हरिद्वार पहुंचने शुरू होंगे। इसके चलते अगले पांच दिनों तक बैरागी कैंप श्रद्धालुओं, वाहनों और अस्थायी बाजारों की चहल-पहल से गुलजार रहेगा। प्रशासन ने पार्किंग स्थलों को तैयार कर लिया है, जबकि पुलिस ने बैरिकेडिंग और निकासी मार्गों की व्यवस्था को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है, ताकि यातायात सुचारु बना रहे।

अब पांच दिन डाक कांवड़ यात्रियों से गुलजार होगा बैरागी कैंप; पंचक खत्म होते ही बढ़ेंगे श्रद्धालु

कांवड़ मेले के शुरुआती दिनों में अपेक्षाकृत शांत रहा कनखल का बैरागी कैंप अब डाक कांवड़ यात्रियों की आमद के साथ पूरी तरह आबाद होने की तैयारी में है। चार अगस्त को पंचक समाप्त होते ही डाक कांवड़ यात्रियों के बड़े जत्थे हरिद्वार पहुंचने शुरू हो जाएंगे। इसे देखते हुए प्रशासन ने बैरागी कैंप की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। अगले कुछ दिनों में पूरा क्षेत्र वाहनों, शिवभक्तों और अस्थायी बाजारों की चहल-पहल से गुलजार नजर आएगा। बैरागी कैंप हर साल डाक कांवड़ यात्रियों के लिए सबसे अहम पड़ावों में शामिल रहता है। जलाभिषेक से करीब पांच दिन पहले यहां हजारों डाक कांवड़िए अपने वाहनों के साथ पहुंचते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए पार्किंग स्थलों को तैयार कर लिया गया है। पुलिस ने पार्किंग और निकासी मार्गों पर बैरिकेडिंग कर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने की कवायद शुरू कर दी है। कैंप क्षेत्र में अस्थायी दुकानों और शिविरों का निर्माण भी तेज हो गया है। पूजा सामग्री, खाने-पीने की वस्तुओं और अन्य जरूरत के सामान की दुकानें सजने लगी हैं। रात के समय श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए प्रकाश व्यवस्था भी दुरुस्त कर ली गई है। यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए पुलिस लक्सर-जगजीतपुर की ओर से आने वाले डाक कांवड़ वाहनों को बैरागी कैंप में पार्क कराने के बाद शंकराचार्य चौक और सिंहद्वार मार्ग से आगे रवाना करने की योजना पर काम कर रही है। आने वाले दो-तीन दिनों में डाक कांवड़ियों की संख्या तेजी से बढ़ने की संभावना है। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि डाक कांवड़ के वाहनों के लिए योजना बना ली गई है। बैरागी कैंप में सभी सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम कर लिए गए हैं।

By Mohd Nafees

संपादक – सच्चाई की जीत पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713 संपर्क – 9837427792 व्हाट्सप्प – 9837427792 ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *