रुद्रपुर/गदरपुर, 20 जुलाई। ऊधम सिंह नगर के गदरपुर विकासखंड स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय दुर्गापुर नंबर-2 को कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के तहत नया और आधुनिक स्वरूप मिला है। ऑटोमेटिक एक्सेल लिमिटेड द्वारा 75 लाख रुपये की लागत से निर्मित दो मंजिला विद्यालय भवन का सोमवार को जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने विधिवत लोकार्पण किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ, जबकि विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत एवं रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से अतिथियों का अभिनंदन किया। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि बच्चों को आधुनिक, सुरक्षित, हवादार एवं प्राकृतिक रोशनी से युक्त विद्यालय भवन उपलब्ध कराना समय की आवश्यकता है। उन्होंने विद्यालय के आकर्षक एवं मॉडल डिजाइन की सराहना करते हुए कहा कि भविष्य में भी ऐसे डिजाइनों को अन्य विद्यालयों में अपनाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने विद्यालय के रखरखाव और भविष्य में आवश्यक मरम्मत एवं सुविधाओं के बेहतर प्रबंधन के लिए ऑटोमेटिक एक्सेल लिमिटेड के दो प्रतिनिधियों को विद्यालय प्रबंधन समिति में शामिल किए जाने के निर्देश दिए। साथ ही कंपनी से खटीमा विकासखंड के एक अन्य राजकीय विद्यालय को भी CSR के तहत गोद लेकर उसका पुनर्निर्माण कराने का अनुरोध किया। ऑटोमेटिक एक्सेल लिमिटेड के निदेशक नागराज गार्वेश्वरी ने बताया कि जिला प्रशासन के सहयोग से 75 लाख रुपये की लागत से विद्यालय का आधुनिक भवन तैयार कराया गया है। उन्होंने कहा कि कंपनी केवल भवन निर्माण तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए दो अतिरिक्त शिक्षकों की भी व्यवस्था की गई है, जिनका मानदेय कंपनी स्वयं वहन करेगी। उन्होंने भविष्य में भी शिक्षा के क्षेत्र में जिला प्रशासन के साथ मिलकर कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई।
आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है विद्यालय नवनिर्मित दो मंजिला भवन में पाँच आधुनिक कक्षाएं, पुस्तकालय, कंप्यूटर कक्ष, स्टोर रूम तथा स्टाफ रूम का निर्माण किया गया है। विद्यालय का नया भवन विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराएगा। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी, मुख्य शिक्षा अधिकारी हरेंद्र मिश्रा, खंड शिक्षा अधिकारी शावेज़ आलम, प्रधानाध्यापक अजीत कुमार, ऑटोमेटिक एक्सेल लिमिटेड के सीनियर मैनेजर संतोष कुमार, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य दुलाल सरकार, अजीत हलदार, सुषमणी देवी, निशा देवी, शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com
