
जिलाधिकारी महोदय, जनपद ऊधमसिंहनगर द्वारा प्रदत्त निर्देशों के अनुपालन में नगर निगम काशीपुर सीमा क्षेत्र अंतर्गत स्थित खाली प्लॉटों/भूखण्डों में वर्षा जल भराव की समस्या के निराकरण एवं भविष्य में संभावित दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से नगर निगम काशीपुर में नगर आयुक्त श्री रविन्द्र सिंह बिष्ट, उपजिलाधिकारी काशीपुर श्री अभय प्रताप सिंह, तहसीलदार श्री पंकज चन्दोला तथा जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी श्री उमाशंकर नेगी की उपस्थिति में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि नगर निगम सीमा क्षेत्र में स्थित ऐसे सभी खाली प्लॉटों एवं भूखण्डों का प्राथमिकता के आधार पर सर्वेक्षण कराया जाएगा, जहाँ वर्षा के कारण जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो रही है। जिन भूखण्डों में जल निकासी की व्यवस्था संभव नहीं है, उनके स्वामियों को अपने व्यय पर तत्काल तारबाड़ (फेंसिंग) कराने एवं चेतावनी बोर्ड लगाने हेतु नोटिस जारी किए जाएंगे। साथ ही एक सप्ताह के भीतर ऐसे सभी प्लॉटों/भूखण्डों को चिन्हित कर श्रेणीवार सूची तैयार कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि विगत दिनों जलभराव वाले एक खाली भूखण्ड में दो मासूम बच्चों की डूबने से मृत्यु की अत्यंत दुःखद घटना घटित हुई थी। इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु नगर निगम द्वारा विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। वर्तमान तक 15 खाली प्लॉट/भूखण्ड स्वामियों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं, तथा शेष चिन्हित स्थलों पर भी नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
उपजिलाधिकारी काशीपुर, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी एवं नगर निगम की संयुक्त टीम द्वारा जयपुरखुर्द एवं पक्काकोट सहित जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों एवं क्षेत्रीय सफाई निरीक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। वर्षा ऋतु के दौरान जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने हेतु नालों की नियमित सफाई, अवरुद्ध जल निकासी मार्गों को तत्काल खुलवाने तथा संवेदनशील क्षेत्रों की सतत निगरानी के निर्देश भी दिए गए हैं।
जनसहभागिता एवं अपील
जिला प्रशासन आमजन से अपील करता है कि अपने आसपास स्थित खाली प्लॉटों/भूखण्डों में जलभराव होने पर तत्काल इसकी सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। नागरिकों से यह भी अनुरोध है कि जलभराव वाले स्थानों के समीप बच्चों को अकेले न जाने दें तथा ऐसे स्थलों पर अनावश्यक आवाजाही से बचें।
जलभराव अथवा आपदा संबंधी शिकायत/सूचना निम्न माध्यमों से दी जा सकती है—
नगर निगम काशीपुर हेल्पलाइन : 9259725619
जिला आपदा कंट्रोल रूम : 05944-250250 / 05944-250719
टोल फ्री आपदा हेल्पलाइन : 1077
भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम हेतु प्रमुख कार्यवाही
नगर निगम सीमा क्षेत्र के सभी जलभराव संभावित खाली प्लॉटों एवं भूखण्डों का सर्वे एवं डिजिटल अभिलेखीकरण।
जलभराव वाले स्थलों पर चेतावनी बोर्ड एवं बैरिकेडिंग की व्यवस्था।
भूखण्ड स्वामियों द्वारा समयबद्ध जल निकासी एवं फेंसिंग सुनिश्चित कराना।
संवेदनशील क्षेत्रों का नियमित निरीक्षण एवं मानसून अवधि में विशेष निगरानी।
नालों एवं जल निकासी तंत्र की निरंतर सफाई एवं अवरोध हटाने की कार्यवाही।
विद्यालयों, मोहल्ला समितियों एवं जनप्रतिनिधियों के माध्यम से जलभराव स्थलों के प्रति जन-जागरूकता अभियान।

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com
