उधम सिंह नगर। उत्तराखंड सरकार द्वारा सरकारी भूमि से अवैध कब्जे हटाने का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में उधम सिंह नगर जिले की जसपुर तहसील के अहमद नगर क्षेत्र में सरकारी भूमि पर निर्मित एक कथित अवैध मजार को प्रशासन ने शनिवार सुबह बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया।
प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, जसपुर के उप जिलाधिकारी राहुल शाह ने जिलाधिकारी नितिन भदौरिया के निर्देश पर क्षेत्र में सरकारी भूमि पर बनी अवैध धार्मिक संरचनाओं का सर्वे कराया था। सर्वे के दौरान अहमद नगर स्थित इस मजार को सरकारी भूमि पर अवैध निर्माण के रूप में चिन्हित किया गया।
इसके बाद प्रशासन ने करीब तीन सप्ताह पहले संबंधित स्थल पर नोटिस चस्पा कर दो सप्ताह के भीतर भूमि स्वामित्व एवं निर्माण से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे। निर्धारित अवधि समाप्त होने के बावजूद कोई भी व्यक्ति आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
एसडीएम राहुल शाह ने बताया कि दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए शनिवार सुबह अवैध संरचना को हटाया गया। उन्होंने बताया कि कार्रवाई के दौरान मजार के भीतर किसी प्रकार के अवशेष नहीं मिले। संरचना हटाने के बाद प्रशासन ने भूमि को समतल कर सरकारी कब्जा स्थापित कर लिया।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर राज्यभर में सरकारी भूमि पर बने अवैध कब्जों और अवैध धार्मिक संरचनाओं के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, पिछले कुछ महीनों में लगभग 600 अवैध धार्मिक संरचनाएं हटाई जा चुकी हैं तथा करीब 13 हजार एकड़ सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया है।

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com
