बिहार चुनाव के बीच राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के लिए एक अच्छी खबर आई है. चारा घोटाले में सजा काट रहे आरजेडी अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव को चाईबासा ट्रेजरी केस में जमानत मिल गई है. हालांकि, लालू अभी जेल से नहीं निकलेंगे, क्योंकि दुमका ट्रेजरी मामले की सुनवाई बाकी है. गौरतलब है कि लालू ने चाईबासा ट्रेजरी केस में अपनी आधी सजा पूरी कर ली है.

लालू यादव की जमानत पर आरजेडी ने ट्वीट करके कहा, ‘लालू प्रसाद जी को आधी सजा अवधि पूर्ण होने पर चौथे केस में जमानत मिल गयी है. अभी एक केस बाक़ी है जिसकी आधी सजा अवधि 9 नवंबर को पूर्ण होने पर वो बाहर आ सकेंगे. अनेक बीमारियों और उम्र के बावजूद भी नीतीश-बीजेपी ने तिकड़म कर उन्हें बाहर नहीं आने दिया.’

गौरतलब है कि चाईबासा ट्रेजरी केस में लालू यादव ने आधी सजा पूरी कर लेने का हवाला देते हुए जमानत के लिए अर्जी डाली थी. पिछली सुनवाई में सीबीआई ने कहा था कि अभी आधी सजा पूरी होने में 26 दिन बाकी है. इसके बाद मामले की सुनवाई 9 अक्टूबर तक के लिए टाल दी गई थी. आज लालू यादव को चाईबासा केस में जमानत मिल गई है.

हालांकि, चाईबासा मामले में जमानत मिल जाने के बाद भी लालू यादव को जेल में ही रहना होगा, क्योंकि चारा घोटाले के दुमका केस में सजायाफ्ता हैं और मामले में उन्हें अभी जमानत मिलनी बाकी है. नवंबर में दुमका केस में भी लालू यादव की सजा की आधी पूरी हो जाएगी. लालू यादव के वकील उम्मीद कर रहे हैं कि नवंबर के बाद वो जेल से बाहर आ सकते हैं. 

By Mohd Nafees

संपादक – सच्चाई की जीत पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713 संपर्क – 9837427792 व्हाट्सप्प – 9837427792 ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com