Oplus_131072


काशीपुर। मोहल्ला बांसफोड़ान स्थित हलवाई चौक पर अंजुमन गुलिस्ताने रज़ा कमेटी की ओर से हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी हजरत इमाम हसन और इमाम हुसैन की याद में एक अजीमो-शान मजलिस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने शिरकत कर शहीद-ए-कर्बला को खिराज-ए-अकीदत पेश की। मजलिस की निजामत कारी महमूद रज़ा ने की, जबकि सरपरस्ती शहर इमाम मुफ़्ती फैज़ान साहब ने की। इस अवसर पर भगतपुर से आए मुफ़्ती मुकर्रम साहब तथा दड़ियाल (स्वार) से तशरीफ लाए मुफ़्ती फैज़ुल रहमान ने अपने प्रभावशाली बयान में कर्बला की महान कुर्बानी का जिक्र करते हुए बताया कि किस प्रकार इमाम हसन और इमाम हुसैन ने अपने 72 साथियों के साथ भूखे-प्यासे रहकर भी सब्र, साहस और सत्य का दामन नहीं छोड़ा तथा ज़ुल्म और अन्याय के सामने कभी सिर नहीं झुकाया।
उलेमा-ए-किराम ने कहा कि कर्बला का पैगाम इंसानियत, सब्र, त्याग और हक़ की राह पर डटे रहने की सीख देता है। उन्होंने युवाओं से इमाम हसन और इमाम हुसैन की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में कारी गुलाम यासीन साहब ने तकरीर और नात पेश कर महफिल को रूहानी रंग में रंग दिया। “या रसूलल्लाह, या हबीब अल्लाह”, “आंखों की ठंडक, दिल का सुकून, या हसन या हुसैन” और “हम हुसैनी हैं” जैसी नातों ने उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया। शहर इमाम मुफ़्ती फैज़ान साहब ने अपने संबोधन में कहा कि यदि हम इमाम हसन और इमाम हुसैन के बताए हुए रास्ते पर चलें, तो जीवन की अनेक परेशानियों का समाधान स्वयं मिल जाएगा। उन्होंने कहा कि कर्बला का संदेश आज भी पूरी मानवता के लिए मार्गदर्शक है।
मजलिस के दौरान माहौल पूरी तरह गमगीन और अकीदत से सराबोर रहा। उपस्थित लोगों की आंखें नम थीं। अंत में सलाम पेश किया गया तथा देश और दुनिया में अमन, भाईचारे और खुशहाली के लिए विशेष दुआ की गई। इस अवसर पर मंच पर हाफिज सलीम, हाफिज मुबीन, हाफिज यामीन, विभिन्न इमाम हजरात तथा ज़फर मुन्ना मौजूद रहे। वहीं कमेटी के आरिफ, असगर अली, मोहम्मद अजीम, नौमान अनस, मोहम्मद आफताब, आलम, सलीम, अमन, आकिब, शमशेर अली, मोहम्मद इकराम, अल्तमश, शाहिद माहीगीर, अख्तर माहीगीर, यूसुफ पेंटर, रियासत टिल्लू, मोहम्मद फहीम सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
मजलिस का समापन सलाम और सामूहिक दुआ के साथ हुआ, जिसमें मुल्क में अमन-चैन, भाईचारे और इंसानियत की सलामती की दुआ मांगी गई।

By Mohd Nafees

संपादक – सच्चाई की जीत पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713 संपर्क – 9837427792 व्हाट्सप्प – 9837427792 ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *