रुद्रपुर, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में बुधवार को विकास भवन सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों के लिए योग जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आयुष विभाग की टीम ने अधिकारियों को योग ब्रेक एवं नमस्ते ऐप की विस्तृत जानकारी दी तथा सभी अधिकारियों के मोबाइल में दोनों ऐप डाउनलोड भी कराए। इस अवसर पर योग विशेषज्ञों ने योग के महत्व, उसके स्वास्थ्य लाभ और दैनिक जीवन में इसकी उपयोगिता पर प्रकाश डाला। अधिकारियों को विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास भी कराया गया। साथ ही आगामी “रन फॉर योग” एवं अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम में सहभागिता के लिए आमंत्रित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि एक संपूर्ण जीवन पद्धति है, जिसे हर व्यक्ति को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से मधुमेह, उच्च रक्तचाप, हृदय रोग, फैटी लीवर जैसी गंभीर बीमारियों के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है। सीडीओ ने कहा कि योग न केवल शरीर को स्वस्थ बनाता है, बल्कि मानसिक संतुलन, सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास को भी बढ़ाता है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से प्रतिदिन योग करने की अपील करते हुए कहा, “करें योग, रहें निरोग”। कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी सुशील मोहन डोभाल, नगर आयुक्त शिप्रा जोशी, मुख्य शिक्षा अधिकारी हरेन्द्र मिश्रा, मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. पीकेएस यादव, जिला पंचायतराज अधिकारी विद्या सिंह सोमनाल, जिला आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी निवेदिता जोशी, अपर जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी दीपक सरकार, जिला नोडल अधिकारी योग राहुल पुरोहित सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं योग प्रशिक्षक उपस्थित रहे।

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com

