रुद्रपुर से एक बड़ी सामाजिक खबर सामने आई है। राष्ट्रीय मानव अधिकार संगठन भारत की प्रदेश स्तरीय बैठक एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया, जहां मानव अधिकारों की रक्षा, जनसेवा और नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में संगठन के राष्ट्रीय, प्रदेश और जिला स्तर के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में समाजसेवी और गणमान्य लोग मौजूद रहे। रुद्रपुर स्थित आयरक्षा नशामुक्ति एवं जनसेवा ट्रस्ट परिसर में राष्ट्रीय मानव अधिकार संगठन भारत की प्रदेश स्तरीय बैठक एवं सम्मान समारोह का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संगठन के विभिन्न पदाधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहम्मद उस्मान ने अपने संबोधन में कहा कि मानव अधिकारों की रक्षा, सामाजिक न्याय और जनसेवा संगठन की सर्वोच्च प्राथमिकताएं हैं। उन्होंने समाज के कमजोर, पीड़ित और वंचित वर्गों की सहायता के लिए सभी पदाधिकारियों से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया और संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने पर जोर दिया।
वहीं राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तराखंड प्रदेश प्रभारी ज़ुबैर सिद्दीकी ने नशामुक्ति अभियान को लेकर विशेष संदेश दिया। उन्होंने उपस्थित युवाओं और नशे की लत से जूझ रहे लोगों को ईश्वर, परमेश्वर और अल्लाह को साक्षी मानकर नशा छोड़ने तथा भारत को नशामुक्त बनाने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे से बचाना राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है।
प्रदेश उपाध्यक्ष वसीम सिद्दीकी ने कहा कि संगठन केवल पदों का मंच नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और जिम्मेदारी का माध्यम है। उन्होंने मानव अधिकारों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान प्रदेश अध्यक्ष उत्तराखंड मोहम्मद नबी अंसारी ने तरुण अग्रवाल को जिला अध्यक्ष नैनीताल मनोनीत किए जाने की घोषणा की। इस अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत कर शुभकामनाएं दीं।
समाजसेवी यूसुफ अली उर्फ बॉबी बादशाह द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित सभी राष्ट्रीय, प्रदेश और जिला पदाधिकारियों का शॉल ओढ़ाकर एवं माल्यार्पण कर सम्मान किया गया। साथ ही जनसेवा और समाजहित में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए विशेष सम्मान भी प्रदान किया गया। वक्ताओं ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मोहम्मद इमरान, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री (शिक्षा विभाग) एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी अब्दुल गफ्फार सिद्दीकी, प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद नबी अंसारी, प्रदेश सचिव मोहम्मद फुरकान, जिला अध्यक्ष ऊधम सिंह नगर मोहम्मद गयास अंसारी, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष शबाना अंजुम सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन मानव अधिकारों की रक्षा, सामाजिक सद्भाव, जनसेवा और नशामुक्त भारत के निर्माण के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। राष्ट्रीय मानव अधिकार संगठन भारत द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में मानव अधिकारों की सुरक्षा, सामाजिक एकता और नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com

