काशीपुर, 13 जून 2026। ऑपरेशन प्रहार के तहत काशीपुर पुलिस ने बाजपुर रोड स्थित एक अवैध हुक्का बार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए संचालक समेत 21 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से हुक्के और अन्य संबंधित सामान भी बरामद कर कब्जे में ले लिया। पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उधम सिंह नगर के निर्देश पर जनपद में अवैध गतिविधियों और नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली काशीपुर पुलिस ने चेकिंग के दौरान बाजपुर रोड स्थित मून साइन कैफे हुक्का बार में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान वहां हुक्का पीकर हुड़दंग मचा रहे 20 युवकों तथा हुक्का बार संचालक आसिफ पुत्र शेर खान को गिरफ्तार किया गया।
जांच में संचालक हुक्का बार संचालन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने संचालक के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की, जबकि हुक्का पीकर लोक अवदूषण फैला रहे अन्य लोगों के विरुद्ध पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
पुलिस ने बताया कि अवैध हुक्का बार से बरामद हुक्कों एवं अन्य सामग्री को कब्जे में ले लिया गया है। साथ ही पूरे मामले की रिपोर्ट उपजिलाधिकारी को भी भेजी जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि अवैध गतिविधियों और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
पुलिस टीम रही सक्रिय इस कार्रवाई का नेतृत्व कोतवाली काशीपुर के प्रभारी निरीक्षक के निर्देशन में किया गया। अभियान में SHO हरेंद्र चौधरी, SSI नवीन बुधानी, हेम तिवारी, कौशल भाकुनी, SI कंचन पडलिया सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। युवाओं को नशे से बचाने की अपील
काशीपुर पुलिस ने नागरिकों, अभिभावकों और शिक्षकों से अपील की है कि वे बच्चों और युवाओं की गतिविधियों पर नजर रखें तथा उन्हें नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें। पुलिस का कहना है कि हुक्के की आदत युवाओं को धीरे-धीरे निकोटीन और अन्य मादक पदार्थों की लत की ओर धकेल सकती है, जिससे उनका स्वास्थ्य, शिक्षा, करियर और सामाजिक जीवन प्रभावित होता है।
पुलिस ने लोगों से किसी भी संदिग्ध नशा संबंधी गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया है।
काशीपुर पुलिस का संदेश:
“हुक्के की शुरुआत, नशे की ओर पहला कदम बन सकती है। अपने बच्चों को बचाइए, नशे के खिलाफ आवाज उठाइए।”

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com

