
पौड़ी गढ़वाल निवासी एक व्यक्ति ने अपनी बहन की मौत के बाद उसके पति पर एचआईवी संक्रमण की जानकारी छिपाने और फर्जी जांच रिपोर्ट तैयार कराने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर प्रेमनगर थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
तहरीर में बताया गया है कि 14 फरवरी 2026 को उनकी बहन की तबीयत बिगड़ने पर उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जांच के दौरान महिला एचआईवी संक्रमित पाई गई। इसके बाद चिकित्सकों ने उसके पति और बेटे की भी जांच कराने की सलाह दी। आरोप है कि महिला का पति अस्पताल से चला गया और उसने अपनी जांच नहीं कराई।
परिजनों का कहना है कि कुछ दिनों बाद आरोपी ने व्हाट्सएप के जरिए अपनी एचआईवी जांच रिपोर्ट भेजी, जिसे उसने ग्राफिक एरा अस्पताल, धूलकोट की रिपोर्ट बताया। हालांकि अस्पताल प्रशासन से जानकारी लेने पर पता चला कि रिपोर्ट पर दर्ज यूएचआईडी नंबर किसी अन्य महिला मरीज का है और आरोपी के नाम से कोई जांच रिकॉर्ड मौजूद नहीं है। इससे रिपोर्ट के फर्जी होने की आशंका जताई गई है।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने इन्द्रेश अस्पताल में दोबारा जांच कराने से भी इनकार कर दिया था। उपचार के दौरान 2 मार्च 2026 को महिला की मौत हो गई।
मृतका के परिजनों का आरोप है कि उसके पति ने अपनी बीमारी को छिपाया, फर्जी दस्तावेज तैयार कराए और इससे मृतका की सामाजिक प्रतिष्ठा को भी नुकसान पहुंचा। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com
