
काशीपुर, 6 अप्रैल 2026: क्षेत्र में विदेशी अंग्रेजी शराब के ठेके को लेकर महिलाओं का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा। बड़ी संख्या में महिलाएं एकजुट होकर बाजपुर रोड स्थित चैती चौराहे के पास खुली शराब की दुकान के बाहर पहुंचीं और जोरदार नारेबाजी करते हुए ठेका हटाने की मांग की। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह ठेका रिहायशी क्षेत्र के साथ-साथ मंदिर और स्कूल के पास खोला गया है, जिससे सामाजिक माहौल पर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। महिलाओं ने ठेके को तत्काल किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की। सूचना मिलते ही थाना आईटीआई पुलिस मौके पर पहुंची और महिलाओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़ी रहीं। उनका कहना था कि जब तक ठेका यहां से हटाया नहीं जाता, उनका आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शन के दौरान छात्र नेताओं ने भी समर्थन दिया। छात्र संघ अध्यक्ष जतिन शर्मा ने कहा कि मंदिर और स्कूल के पास शराब की दुकान खोलना न केवल सामाजिक वातावरण को खराब करेगा, बल्कि आने वाली पीढ़ी पर भी गलत असर डालेगा। महिलाओं ने सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि सरकार को कुछ करना है, तो बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य पर ध्यान दे, न कि शराब के ठेके खोलकर परिवारों को नुकसान पहुंचाए। उन्होंने यह भी कहा कि शराब की वजह से कई घरों में कलह और घरेलू हिंसा बढ़ती है, जिससे पूरा परिवार प्रभावित होता है। इस विरोध प्रदर्शन में पार्षद सीमा सागर, निशा चौहान, बालाजी संगठन के अरुण बिश्नोई, कुमकुम अग्रवाल, हेमा यादव, निषाद सैयद, हरेंद्र सिंह वर्मा, छात्र संघ अध्यक्ष जतिन शर्मा, कुसुम देवी, रजनी ठाकुर समेत दर्जनों महिलाओं ने भाग लिया। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही ठेका अन्य स्थान पर शिफ्ट नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

संपादक – सच्चाई की जीत
पता – Nafees Screen Printers, Near Bilal Masjid, Ward no. 10, Ali Khan, Kashipur 244713
संपर्क – 9837427792
व्हाट्सप्प – 9837427792
ईमेल – sachchaikijeet7@gmail.com
